‘धुरंधर’ के निर्माता आदित्य धर पर पाक में मुकदमे की तैयारी, जानिए क्या है मामला

0
23

मुंबई। चौधरी असलम की पत्नी नौरीन ने एक इंटरव्यू में धुरंधर फिल्म के निर्माता आदित्य धर के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया है। उनका कहना है कि वह केस भी करेंगी। हालांकि धुरंधर’ फिल्म अपने कई किरदारों और असल जिंदगी में उनके व्यक्तित्व को लेकर भी सुर्खियों में है।

आदित्य धर की इस स्पाई थ्रिलर में संजय दत्त ने पाकिस्तानी पुलिस अधिकारी चौधरी असलम का किरदार निभाया है। अब चौधरी असलम की पत्नी नौरीन असलम ने उनके बारे में कई सारी बातें की हैं। पहले तो उन्होंने फिल्म में उनके किरदार की खूब तारीफ की थी, लेकिन अब उनके बोल बदल गए हैं।

नौरीन के लिए, ‘धुरंधर 2’ देखना सिर्फ एक फिल्म देखने से कहीं अधिक था, यह उन्हें उनके पति की याद दिलाता था और संजय दत्त की एक्टिंग कमाल थी, लेकिन अब नौरीन ने कहा है कि फिल्म में कुछ बातों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया गया।

नौरीन ने बातचीत में बताया, ‘तीन-चार सीन ऐसे थे, जब मुझे लगा कि असलम मेरे सामने हैं। लेकिन फिल्म में एक शॉट में जब बम धमाका हुआ, तो मैं आगे नहीं देख सकी। फिल्म में एक सीन गलत है, जिसमें वह बलूच बच्चों को पीटते हैं। फिल्म में दिखाया गया कि असलम बलूचों के दुश्मन हैं, लेकिन असलियत में ऐसा नहीं था। वह सिर्फ अपराधियों के खिलाफ थे। उन्होंने कभी बच्चों के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया।’

रहमान डकैत से नहीं डरते थे असलम
असलम की मौत को लेकर नौरीन ने कहा, ‘वे कहते थे कि मैं गोली से नहीं, बम ब्लास्ट से मरूंगा और वही हुआ। उन्होंने तालिबान के खिलाफ कई ऑपरेशन किए थे। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने फोन करके कहा था कि चौधरी असलम हमारे रास्ते से हट जाओ। तालिबानियों को कराची में चौधरी से ही खतरा था। लेकिन मेरे पति ने उनकी बात नहीं मानी।’

उन्होंने फोन पर उन लोगों को 20 मिनट तक खरी-खोटी सुनाई थी। चौधरी असलम अपनी पूरी जिंदगी रहमान डकैत से नहीं डरे। अगर वे डरते तो मैं आज अमेरिका या इंग्लैंड में रह रही होती। मैं फिलहाल पाकिस्तान में ही हूं।

बलूचों वाले विवादित डायलॉग पर बोलीं
बलूचों वाले विवादित डायलॉग पर उनकी पत्नी ने कहा, ‘मेरे पति बलूचों के विरोधी नहीं थे। आज भी ल्यारी में कई लोग उनका सम्मान करते हैं। 200 बलूच महिलाएं उनकी पुण्यतिथि पर हमारे घर आई थीं। वे केवल अपराधियों के खिलाफ थे, उन्होंने कभी आम लोगों को परेशान नहीं किया। भले ही वे बलूच हों या नहीं।’

परिवार से नहीं ली गई इजाजत
आदित्य धर से नौरीन काफी नाराज हैं। उनका कहना ये भी है कि फिल्म बनाने से पहले उन्होंने असलम के किरदार को लेकर पत्नी से कोई बात नहीं की। हमसे इजाजत नहीं ली गई। टीजर आने के बाद हमें पता चला कि ऐसी कोई फिल्म बन रही है। उन्होंने चौधरी असलम की एंट्री वाले गाने पर 46 लाख रुपए खर्च किए। अब मैंने तय किया है कि इस मामले में मैं आदित्य धर को वकील के जरिए नोटिस भेजूंगी।
नौरीन, एसपी असलम की पत्नी

आदित्य धर को नोटिस भेजेंगी नौरीन
आदित्य धर को लेकर उन्होंने कहा, ‘मैं उनसे 25 करोड़ रुपये मुआवजा मांगूंगी। अगर फिल्म 1500 करोड़ रुपए कमा चुकी है, तो 25 करोड़ उसके मुकाबले बहुत छोटी रकम है। लोगों ने तो मुझे यह भी कहा है कि कुल कमाई का 40% लेना आपका हक है। आदित्य धर खुद मान जाते हैं तो ठीक है, नहीं तो मैं कोर्ट के जरिए कार्रवाई करूंगी।’