शेयर बाजार सुधरने से निवेशकों को हुआ 5 लाख करोड़ का मुनाफा
नई दिल्ली। Stock Market Closed, Monday, April 6, 2026: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में एक प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। इस तेजी से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 5 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 428 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 787.30 अंक या 1.07% बढ़कर 74,106.85 पर पहुंचा गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 255.15 या 1.12% अंकों की बढ़त के साथ 22,968.25 के स्तर पर बंद हुआ।
बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) मामूली गिरावट के साथ 73,477 अंक पर खुला। शुरूआती मिनटों में कोई पॉजिटिव ट्रिगर नहीं मिलने के बाद इंडेक्स में गिरावट बढ़ गई। लेकिन दोपहर में इंडेक्स वापस हरे निशान में आ गया। दोपहर 2:40 बजे यह 635.51 अंक या 0.87 फीसदी की बढ़त लेकर 73,955.06 पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी सपाट रुख के साथ 22,780 पर खुला। खुलते ही यह 22700 से नीचे फिसल गया। लेकिन दोपहर में इंडेक्स में जोरदार रिकवरी आई। दोपहर 2:41 बजे यह 202 अंक या 0.89 फीसदी की बढ़त के साथ 22,915.10 पर कारोबार कर रहा था।
बाजार में सोमवार को तेजी की वजह
- युद्धविराम की उम्मीद
भूराजनीतिक तनाव कम होने की उम्मीद से बाजार का माहौल बेहतर हुआ है। रिपोर्ट्स में अमेरिका और ईरान के बीच संभावित संघर्षविराम की दिशा में प्रगति के संकेत मिले हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, संघर्ष खत्म करने के लिए एक प्रस्तावित ढांचा दोनों पक्षों को दिया गया है। इसे जल्द लागू किया जा सकता है। - इससे रणनीतिक रूप से अहम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के दोबारा खुलने की संभावना बढ़ी है। इस शांति योजना में दो चरण शामिल हैं। पहले तत्काल संघर्षविराम होगा, फिर व्यापक समझौता किया जाएगा। हालांकि, ईरान ने साफ कहा है कि वह अस्थायी संघर्षविराम के तहत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को नहीं खोलेगा।
- रुपये में मजबूती
भारतीय रुपया 33 पैसे मजबूत होकर डॉलर के मुकाबले 92.85 पर पहुंच गया। यह बढ़त तब आई जब आरबीआई ने सट्टेबाजी पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठाए। आरबीआई ने बैंकों की ओपन पोजिशन की सीमा 10 करोड़ डॉलर तक तय कर दी है। हालांकि, इस मजबूती के बावजूद रुपये पर दबाव बना हुआ है। फॉरेक्स ट्रेडर्स का कहना है कि विदेशी निवेश की निकासी, मजबूत डॉलर और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों की वजह से रुपये पर असर पड़ रहा है। भूराजनीतिक तनाव भी इस दबाव को बढ़ा रहा है। - बैंकिंग-फाइनेंशियल स्टॉक्स में तेजी
निफ्टी बैंक इंडेक्स करीब 1.5 प्रतिशत चढ़कर दिन के दौरान 52,339 के हाई स्तर तक पहुंच गया। इसमें बैंक ऑफ बड़ौदा, एक्सिस बैंक, केनरा बैंक, एचडीएफसी बैंक, फेडरल बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और यस बैंक में करीब 3 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। वहीं, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स भी करीब 1.7 प्रतिशत तक चढ़ा। इसमें एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, श्रीराम फाइनेंस, बीएसई, मुथूट फाइनेंस, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी लाइफ, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज और चोलामंडलम इन्वेस्टमेंट एंड फाइनेंस कंपनी में बढ़त रही।

