शरद पूर्णिमा पर आज होगा महारास, श्रीकृष्ण लीला की होगी जीवंत प्रस्तुति

0
6

कोटा। Kota Dussehra 2024 : 131वें राष्ट्रीय दशहरा मेला 2024 में गुरुवार को शरद पूर्णिमा पर रात्रि 10 बजे विजयश्री रंगमंच पर श्रीकृष्ण महारास का भव्य आयोजन किया जाएगा। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि दिल्ली के भारत मयूर ग्रुप की ओर से महारास के साथ ही श्रीकृष्ण लीला की जीवंत प्रस्तुति दी जाएगी।

इसमें श्रीकृष्ण जन्म, बधाई उत्सव, पूतना वध, बाल लीला, कालिया मर्दन, गोवर्धन लीला, राधा कृष्ण प्रेम लीला समेत विभिन्न प्रसंगों की जीवंत प्रस्तुति होगी। भारत मयूर ग्रुप के 15 कलाकार इन प्रस्तुतियों से श्रीकृष्ण भक्तों के सामने लीला को सजीव करेंगे। इस दौरान गणेश वंदना, डांडिया नृत्य और आरती भी की जाएगी।

राजवंशी ने बताया कि इससे पहले रात्रि 8:30 बजे पर्यटन विभाग की ओर से कार्यक्रम प्रस्तुत होगा। जिसमें राजस्थानी लोक संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस दौरान मांड गायन, लंगा गायन, कालबेलिया नृत्य, चरी नृत्य, घूमर नृत्य, मयूर रास, भपंग वादन, कत्थक, लोक गायन, मटका भवई, कठपुतली नृत्य, बिंदोरी नृत्य, चकरी नृत्य, सहरिया नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।

अखिल भारतीय कवि सम्मेलन कल
विवेक राजवंशी ने बताया कि विजयश्री रंगमंच पर शुक्रवार को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसमें डॉ. हरिओम पंवार, सुरेंद्र शर्मा, शशिकांत यादव, अरुण जैमिनी, अनामिका अंबर, सुदीप भोला और जगदीश सोलंकी काव्य पाठ करेंगे। इस कार्यक्रम को एलन मानधाता परिवार की ओर से प्रायोजित किया जाएगा।