सेंसेक्स पहली बार 1000 अंक चढ़कर 84 हजार पार, निफ्टी 25725 पर पहुंचा

0
12

नई दिल्ली। Stock Market Opened: अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से चार साल से अधिक समय के बाद अपनी बेंचमार्क ब्याज दर में कटौती के बाद सेंसेक्स ने 1000 से अधिक अंकों की उछाल के साथ आज 84240 के नए शिखर को छू लिया। दूसरी ओर निफ्टी भी करीब 300 अंकों की बंपर बढ़त के साथ 25725 के लेवल पर पहुंच गया। निफ्टी अभी 288 अंक ऊपर 25704 और सेंसेक्स 975 अंकों की बढ़त के साथ 84160 पर है।

वैश्विक बाजारों में तेजी का फायदा भारतीय शेयर बाजार को भी मिला। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन बीएसई बेंचमार्क सेंसेक्स शुक्रवार सुबह पहली बार ऐतिहासिक 84,000 अंक के स्तर को पार कर गया और निफ्टी भी अपने नए रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू स्टील, मारुति, टाटा स्टील, लार्सन एंड टूब्रो, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, नेस्ले, भारती एयरटेल और अडानी पोर्ट्स में सर्वाधिक लाभ रहा।

 टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज एकमात्र कंपनी रही जिसमें गिरावट दिखी। एशियाई बाजारों में सियोल, टोक्यो और हांगकांग बढ़त में कारोबार कर रहे थे जबकि शंघाई में गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को अमेरिकी बाजार उल्लेखनीय रूप से ऊंचे स्तर पर बंद हुए।

टॉप गेनर और लूजर स्टॉक
निफ्टी पर जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, एमएंडएम, हिंडाल्को, ओएनजीसी के शेयर टॉप गेनर हैं, जबकि टॉप लूजर में टाटा मोटर्स, एलटीआईमाइंडट्री, डॉ रेड्डीज लैब्स, एक्सिस बैंक और एशियन पेंट्स के शेयर शामिल हैं।

विदेशी बाज़ारों का हाल
एशियाई बाजार: एशियन मार्केट में शुक्रवार को बढ़त के साथ कारोबार हुआ। निक्केई 225 ने 1.9 फीसद और टॉपिक्स ने 1.63 फीसद की बढ़त हासिल की। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.45 प्रतिशत और कोस्डैक 1.51 प्रतिशत मजबूत हुआ। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने उच्च शुरुआत का संकेत दिया।

गिफ्ट निफ्टी: गिफ्ट निफ्टी 25,525 के स्तर के आसपास कारोबार कर रहा था, निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद से लगभग 35 अंकों का प्रीमियम है, जो भारतीय शेयर बाजार के लिए सकारात्मक शुरुआत का संकेत दे रहा था।

वॉल स्ट्रीट: अमेरिकी शेयर बाजार सूचकांक गुरुवार को एसएंडपी 500 और डॉऊ के इंट्राडे रिकॉर्ड के साथ उच्च स्तर पर बंद हुए। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज पहली बार 42,000 के लेवल को पार करते हुए 1.26 फीसद बढ़कर 42,025.19 पर बंद हुआ, जबकि एसएंडपी 500 पहली बार 5,700 के पार 5,713.64 पर बंद होने में कामयाब रहा। नैस्डैक कंपोजिट भी 2.51 फीसद की बंपर उछाल के साथ 18,013.98 पर बंद हुआ।