नई दिल्ली। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 15 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 9.112 अरब डॉलर बढ़कर 615.971 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक ने इससे जुड़े आंकड़े जारी किए हैं। इससे पिछले सप्ताह में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 2.816 अरब डॉलर बढ़कर 606.859 अरब डॉलर हो गया था।
अक्टूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। केंद्रीय बैंक की ओर से पिछले साल से वैश्विक घटनाक्रमों के कारण उपजे दबाव के बीच रुपये को बचाने के लिए विदेशी मुद्रा भंडार का इस्तेमाल किए जाने के बाद इसमें कमी आई ।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 15 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा आस्तियां (एफसीए) 8.349 अरब डॉलर बढ़कर 545.048 अरब डॉलर हो गईं। डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे यूरो, पौंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं के मूल्य में वृद्धि या कमी का प्रभाव भी शामिल होता है।
गोल्ड रिजर्व और एसडीआर में भी हुआ इजाफा
रिजर्व बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान स्वर्ण आरक्षित भंडार (गोल्ड रिजर्व) 44.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 47.577 अरब डॉलर हो गया। केंद्रीय बैंक के अनुसार इस दौरान विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 13.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.323 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार समीक्षाधीन सप्ताह में आईएमएफ (अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष) में भारत का मुद्रा भंडार 18.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 5.023 अरब डॉलर हो गया।


