5000 घंटों की रिसर्च के बाद बनी ‘द कश्मीर फाइल्स’, विवेक ने बताया

0
154

नई दिल्ली। विवेक अग्निहोत्री (Vivek Agnihotri) निर्देशित फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ (The Kashmir Files) को दर्शकों का प्यार मिल रहा है। इस फिल्म को इतना अधिक पसंद किया जा रहा है कि आम लोग भी फिल्म को सोशल मीडिया पर खूब प्रमोट कर रहे हैं। फिल्म को माउथ पब्लिसिटी का खूब फायदा मिल रहा है, जिसकी वजह से कलेक्शन भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। फिल्म के बारे में लोग अधिक से अधिक जानना चाह रहे हैं। ऐसे में इस रिपोर्ट में हम आपको फिल्म से जुड़ी कुछ खास बातों को बताते हैं।

दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फिल्म के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने द कश्मीर फाइल्स के बारे में बात की। विवेक ने बताया कि फिल्म को बनाने के लिए 5000 घंटे की रिसर्च की गई और करीब 15 हजार पेज के डॉक्यूमेंट्स को कलेक्ट किया गया था। विवेक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक 20 मिनट का वीडियो भी दिखाया, जिस में उन कश्मीरी पंडितों के इंटरव्यू थे, जो उस वक्त कश्मीर में ही थे।

विवेक ने बताया कि उन्होंने पत्नी पल्लवी जोशी के साथ देश- विदेश के कई हिस्सों में ट्रेवल किया और कश्मीरी पंडितों से बातचीत की। फिल्म के लिए करीब 700 कश्मीरी पंडितों से बातचीत की गई थी। विवेक और पल्लवी जोशी, 20 मिनट के वीडियो में कश्मीरी पंडितों की दर्दनाक दास्तां सुनकर अपने आंसू भी पोछते दिखे।

सरकार ने सच छिपाने की कोशिश की
विवेक ने बताया कि कश्मीरी पंडित दुख में थे, क्योंकि उन्हें उनके घर से निकाल दिया गया था। उनका दुख ज्यादा बड़ा उस वक्त का पॉलिटिकल सिस्टम की वजह से था। अधिकतर लोगों को पता ही नहीं कि कश्मीरी पंडितों के साथ हुआ क्या था क्योंकि सरकार ने इसे छिपाने की बहुत कोशिश की। विवेक ने ये भी बताया कि कश्मीरी पंडितों ने कई निर्देशकों से उनके बार उनके बारे में फिल्म बनाने के लिए विनती की, लेकिन हर बार सिर्फ निराशा हाथ लगी।

डेढ़ महीने खुद को मनाने में लगा
विवेक ने बताया कि 2018 में जब उनके पास ये आइडिया आया तो करीब एक- डेढ़ महीने उन्हें खुद को मनाने में लगा। विवेक ने कहा, ‘ये फैसला करना आसान नहीं था, क्योंकि इस में कई तरह के खतरे थे। आप पर आतंकी हमला भी हो सकता है, और जब ऐसा होता है तो कोई पुलिस या आर्मी आपको बचाने नहीं आती। ऐसे में मेरी पत्नी पल्लवी जोशी ने मुझे हौसला दिया और फिर हमने इस फिल्म को बनाने का फैसला किया।

60.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन
बता दें कि 11 मार्च को रिलीज हुई फिल्म का कलेक्शन धीरे धीरे बढ़ता जा रहा है। फिल्म ने पहले दिन 8.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इसके बाद फिल्म ने अगले दो दिन 15- 15 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन किया। वहीं मंगलवार को फिल्म ने 18 करोड़ रुपये की कमाई की। ऐसे में फिल्म का कुल कलेक्शन 60.20 करोड़ रुपये हो गया है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में फिल्म और भी तेजी से कमाई करेगी।