इको फ्रेंडली गणपति क्लब की पहल: जल संरक्षण और पर्यावरण चेतना का संदेश देंगे 1156 केसरिया धर्म ध्वज
कोटा। इको फ्रेंडली श्री गणपति क्लब की ओर से इस वर्ष गणेशोत्सव के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन का संदेश देने के लिए एक अभिनव पहल की जा रही है। क्लब द्वारा 1156 इको-फ्रेंडली गणपति प्रतिमाओं के साथ-साथ 1156 केसरिया धर्म ध्वज पताकाओं का निशुल्क वितरण किया जाएगा।
सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के अध्यक्ष गोविन्द नारायण अग्रवाल ने बताया कि सार्वजनिक पंडालों और घरों की छतों पर लहराते ये केसरिया ध्वज संबंधित परिवारों और मंडलों के ‘पर्यावरण प्रहरी’ होने का गौरवशाली संदेश देंगे। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते ध्वज का पूजन आज मुख्य अतिथि गोदावरी धाम व्यवस्थापक बाबा शैलेंद्र भार्गव द्वारा गोदावरी धाम पर किया गया इस अवसर पर शैलेंद्र भार्गव ने कहा कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में पर्यावरण जागरूकता फैलाना और ‘शुद्ध जल, स्वस्थ जीवन का आधार’ के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
इको फ्रेंडली श्री गणपति क्लब के अध्यक्ष डॉ. एमएल अग्रवाल ने जानकारी दी कि शहर भर के विभिन्न परिवारों की छतों पर 18×30 इंच आकार की 1100 धर्म ध्वजाएं लहराएंगी। जिन पर ‘पर्यावरण प्रहरी परिवार’ और ‘शुद्ध जल, स्वस्थ जीवन का आधार’ अंकित है। यह ध्वज सत्य, विजय और शौर्य का प्रतीक है। इसके अलावा, 3×5 फीट आकार की 56 धर्म ध्वजाएं शहर के विभिन्न सार्वजनिक पंडालों में स्थापित गणपति प्रतिमाओं के साथ लहराती नजर आएंगी। जिन पर ‘पर्यावरण प्रहरी मंडल’ अंकित किया गया है।
सुंयोजित वितरण व्यवस्था एवं सामग्री
संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने बताया कि 12 सितम्बर को शाम 5 बजे 1156 गणपति प्रतिमाओं की भव्य सामूहिक आरती का आयोजन होगा। जिसके पश्चात 1100 प्रतिमाओं का सुनियोजित ढंग से वितरण किया जाएगा। प्रत्येक बॉक्स में पैक की गई इको-फ्रेंडली गणपति प्रतिमा के साथ एक केसरिया धर्म ध्वज, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले चार विशेष स्टीकर सम्मान पत्र और जलीय जीवों की सुरक्षा व जल शुद्धता से संबंधित अपील पत्र शामिल रहेगा। पूजन कार्यक्रम में डॉक्टर एम,एल अग्रवाल गोविंद नारायण अग्रवाल राजाराम जैन कर्मयोगी, विपिन अग्रवाल, अनिल कुमार शर्मा योगेश शर्मा बृजनंदन गौतम, उपस्थित रहे
पर्यावरण मुहिम से जुड़ने का आह्वान
मुख्य संरक्षक डॉ. अरुणा अग्रवाल ने बताया कि इस अभियान के तहत आमजन से जल स्रोतों की शुद्धता और पर्यावरण संरक्षण की मुहिम से जुड़ने की भावुक अपील की गई है। अपील पत्र के माध्यम से नागरिकों को प्रोत्साहित किया गया है कि वे अपने आसपास गणेश स्थापना करने वाले कम से कम पांच अन्य परिवारों को इस हरित पहल से जोड़ें। इस मुहिम में सक्रिय रूप से भाग लेने वाले और नए परिवारों को जोड़ने वाले नागरिकों को वर्ष 2027 में निशुल्क इको-फ्रेंडली गणपति प्रतिमा प्रदान करने के लिए संपर्क करने का अवसर दिया जाएगा।

