हड़ताल के पहले दिन बैंकों में 700 करोड़ का कारोबार प्रभावित

1145

कोटा। केंद्रीय श्रम संगठनों के साथ बैंकिंग यूनियन एआईबीईए के आव्हान पर आयोजित हड़ताल से अधिकांश बैंको में बैंकिंग कामकाज ठप्प हो गया। लिपिक एवं अधीनस्थ वर्ग के हड़ताल पर होने के कारण बैंक में नगदी लेनदेन,अंतरण, आरटीजीएस, क्लीयरिंग का काम नहीं हो पाया। एक अनुमान के अनुसार कोटा जिले में लगभग 400 एवं संभाग में 700 करोड़ रुपयों का कारोबार प्रभावित हुआ।

बैंक कर्मी आज सुबह 11.15 बजे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के नयापुरा स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के समक्ष एकत्रित हुए तथा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में मजदूर विरोधी श्रम कानून वापस लेने, आउटसोर्सिंग बंद करने, बैंकों का निजीकरण एवं विलय न करने ,एनपीए की वसूली संबंधित नारे लगाये गए।

हड़ताली बैंक कर्मियों को वरिष्ठ बैंक कर्मी नेता शरण लाल गुप्ता, एआईबीईए के जनरल कौंसिल सदस्य ललित गुप्ता, राजस्थान प्रदेश बैंक एम्प्लाइज यूनियन जिलाध्यक्ष अशोक ढल, सचिव पदम पाटोदी, क्षेत्रीय सचिव डी एस साहू बैंक कर्मी नेता आरबी मालव, अनिल ऐरन, हेमराज सिंह गौड़, रवि कांत शर्मा ग्रामीण बैंक कर्मी नेता ज्ञानेंद्र शर्मा,आर एस गुप्ता ने संबोधित किया। बाद में बैंक कर्मी सँयुक्त श्रम संगठन रैली में जिला कलेक्टर कार्यालय तक गए।

राजस्थान प्रदेश बैंक एम्प्लाइज यूनियन कोटा जिला इकाई के सचिव पदम पाटोदी ने बताया कि हड़ताल के दूसरे दिन 9 जनवरी को बैंक ऑफ इंडिया एरोड्राम चौराहा शाखा के समक्ष एकत्रित होकर प्रदर्शन एवं सभा करेंगे। जिसमे अन्य श्रमिक नेता भी भाग लेंगे।