होर्मुज खुलने से संकट टला, पूर्व राजनयिक ने बताया भारत को कैसे मिली जीत

0
2

नई दिल्ली। ईरान और अमेरिका के बीच एक मुश्किल शांति समझौते के बाद दुनिया का सबसे अहम समुद्री तेल मार्ग ‘होर्मुज स्ट्रेट ‘ सोमवार को जहाजों की आवाजाही के लिए दोबारा खुल गया है। इस बीच पूर्व राजनयिक नवदीप सिंह सूरी ने भारी संकट के समय भारत के एनर्जी मैनेजमेंट को लेकर केंद्र सरकार की तारीफ की।

पूर्व राजनयिक नवदीप सिंह सूरी ने कहा कि पिछले चार महीनों से बंद पड़े इस रास्ते के खुलने से वैश्विक तेल आपूर्ति फिर से सामान्य हो गई है। राहत की बात यह है कि दुनिया भर में मचे हाहाकार के बीच भारत बिना किसी कड़े नियम, ईंधन राशनिंग या ब्लैकआउट के इस भीषण अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा संकट से पूरी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया है।

उन्होंने आगे कहा कि मुझे लगता है कि विदेश मंत्रालय और पेट्रोलियम मंत्रालय के अधिकारियों और बड़ी तेल कंपनियों को इस स्थिति के बारे में पूरी जानकारी थी। उन्होंने इसके लिए योजना बनाई थी और मुझे लगता है कि वे कई ऐसे उपाय करने में सफल रहे जिनसे भारत पर इसका असर कम से कम हो।

एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारत अपनी जरूरत का 60% तेल और कृषि के लिए जरूरी उर्वरक इसी क्षेत्र से आयात करता है। संकट कितना गंभीर था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि श्रीलंका में पेट्रोल की राशनिंग करनी पड़ी, पाकिस्तान में स्कूल बंद हो गए और बांग्लादेश को तो पेट्रोल पंपों पर सेना तैनात करनी पड़ी।