होटल फेडरेशन ने व्यापार महोत्सव में आए विजिटर्स को हाड़ोती के पर्यटन देखने बुलाया

0
4
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महामंत्री ने हाड़ोती के प्रसिद्ध उत्पाद एवं पर्यटन स्थलों की सराहना की

कोटा। दिल्ली के भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त तक कैट द्वारा आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 में भाग लेने गई कैट एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की टीम ने हाड़ोती के उत्पादों और पर्यटन के नवाचार का प्रदर्शन किया। वहां आने वाले हजारों विजिटर्स को हाड़ोती के उत्पादनों एवं पर्यटन स्थलो की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई।

कैट राजस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज गोयल, प्रदेश सचिव अशोक माहेश्वरी और जिला अध्यक्ष अनिल मूंदड़ा ने बताया कि इस भव्य महोत्सव में विभिन्न राज्यों से आए 700 से अधिक स्टार्टअप निर्माता, निर्यातक, महिला उद्यमी, व्यवसायिक संगठन, सरकारी संस्थाओं एवं निजी कंपनियों की व्यापक भागीदारी सेहाड़ोती के उत्पाद और पर्यटन स्थलों के प्रचार के लिए उचित मंच मिला।

कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया एवं महामन्त्री प्रवीण खंडेलवाल का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्पाद एवं पर्यटन स्थलों प्रचार प्रसार के लिए एक मंच उपलब्ध कराया है, जो भारतीय व्यापार महोत्सव के माध्यम से व्यापारिक इतिहास में मिल का पत्थर साबित होगा।

प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ व्यापार प्रदर्शन नहीं यह देश के करोड़ों व्यापारियों एमएसएमई स्टार्टअप निर्माता और उद्यमियों को लोकल फोर वोकल से वोकल टू ग्लोबल तक की यात्रा को जोड़ने वाला राष्ट्रीय अभियान है।

होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कैट के महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल से आग्रह किया कि स्वदेशी पर्यटक को भी बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय पर्यटन महोत्सव का भी आयोजन किया जाए।

उन्होंने कहा कि राजस्थान पूरे देश में पर्यटन का सिरमौर है। निश्चित इस तरह के आयोजन से लोगों को भारतीय पर्यटन की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध होगी और वह विदेश में जाने के बजाय स्वदेशी पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन में हाडोती से करीब 15 सदस्यीय टीम ने व्यापार महोत्सव में अपनी पूर्ण भागीदारी निभाई। इस महोत्सव में देशभर से आए व्यापारिक प्रतिनिधियों से राजस्थान राज्य के व्यापार एवं पर्यटन को आगे बढ़ने पर विस्तृत चर्चा की ।