कोटा मंडल के यात्रियों को दक्षिण भारत तक मिलेगी सीधी रेल कनेक्टिविटी
कोटा। यात्रियों की सुविधा एवं बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेल प्रशासन ने हिसार–तिरुपति के मध्य संचालित विशेष ट्रेन को नियमित एक्सप्रेस के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 25 जुलाई से नियमित सेवा के रूप में संचालित होगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि वर्तमान में विशेष गाड़ी संख्या 04717/04718 हिसार–तिरुपति स्पेशल को नियमित गाड़ी संख्या 14723/14724 हिसार–तिरुपति एक्सप्रेस के रूप में परिवर्तित किया गया है।
गाड़ी संख्या 14723 का संचालन 25 जुलाई 2026 से हिसार से प्रत्येक शनिवार तथा गाड़ी संख्या 14724 का संचालन 27 जुलाई 2026 से तिरुपति से प्रत्येक सोमवार को नियमित रूप से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह एक्सप्रेस ट्रेन सादुलपुर, लोहारू, सूरजगढ़, चिड़ावा, झुंझुनू, नवलगढ़, सीकर, रींगस, दहर का बालाजी, जयपुर एवं दुर्गापुरा स्टेशनों के साथ-साथ कोटा मंडल के सवाई माधोपुर एवं कोटा स्टेशनों पर भी ठहराव करेगी।
इसके अतिरिक्त रामगंज मंडी, नागदा, उज्जैन, शुजालपुर, संत हिरदाराम नगर, भोपाल, इटारसी, नागपुर, बालाघाट, सिरपुर काघजनगर, वारंगल, खम्मम, विजयवाड़ा, ओंगोल, नेल्लोर एवं गुदूर स्टेशनों पर भी इसका ठहराव रहेगा।
हिसार–खड़की विशेष ट्रेन 26 जुलाई से नियमित
गाड़ी संख्या 04725/04726 हिसार–खड़की स्पेशल को नियमित गाड़ी संख्या 22979/22980 हिसार–खड़की सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में परिवर्तित किया गया है। गाड़ी संख्या 22979 का संचालन 26 जुलाई 2026 से हिसार से प्रत्येक रविवार तथा गाड़ी संख्या 22980 का संचालन 27 जुलाई 2026 से खड़की से प्रत्येक सोमवार को नियमित रूप से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह सुपरफास्ट एक्सप्रेस सादुलपुर, लोहारू, चिड़ावा, झुंझुनू, नवलगढ़, सीकर, रींगस, दहर का बालाजी, जयपुर एवं दुर्गापुरा स्टेशनों के साथ-साथ कोटा मंडल के सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी एवं भवानी मंडी स्टेशनों पर भी ठहराव करेगी। इसके अतिरिक्त रतलाम, वडोदरा, भरूच, सूरत, वापी, वसई रोड तथा लोनावला स्टेशनों पर भी इसका ठहराव रहेगा।
आगरा कैंट–असरवा एवं आगरा कैंट–उधना ट्रैन एलएचबी कोचों के साथ संचालित होंगी
गाड़ी संख्या 01910/01909 आगरा कैंट–असरवा–आगरा कैंट तथा 01907/01908 आगरा कैंट–उधना–आगरा कैंट का संचालन आधुनिक एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोचों के साथ करने का निर्णय लिया है। एलएचबी कोच बेहतर सुरक्षा मानकों, उच्च गति क्षमता, कम झटकों तथा अधिक आरामदायक यात्रा के लिए जाने जाते हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि संशोधित कोच संरचना के अनुसार दोनों ट्रेनों में कुल 22 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। गाड़ी संख्या 01910 आगरा कैंट–असरवा में यह संशोधित कोच संरचना 27 जुलाई से 31 अगस्त तक तथा 01909 असरवा–आगरा कैंट में 28 जुलाई से 1 सितंबर तक प्रभावी रहेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01907 आगरा कैंट–उधना में संशोधित कोच संरचना 28 जुलाई 2026 से 25 अगस्त तक तथा 01908 उधना–आगरा कैंट में 29 जुलाई से 26 अगस्त तक लागू रहेगी।

