कोटा। भारतीय योग संस्थान राजस्थान की ओर से शुक्रवार को ट्रैफिक गार्डन में सातों जिलों की सामूहिक योग साधना एवं योग दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 300 साधकों ने भाग लेकर सामूहिक योग, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।
संस्थान के अनुभवी शिक्षकों ने साधकों को सूक्ष्म योग क्रियाओं के साथ ॐ ध्वनि, गायत्री मंत्र, ताड़ासन, अर्धचक्रासन, मंडूकासन, वक्रासन, उष्ट्रासन, भुजंगासन, मेरु आकर्षणासन एवं पवनमुक्तासन का अभ्यास कराया। अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम के साथ ध्यान साधना भी कराई गई।
प्रांतीय प्रधान राजेश चत्तर ने चित्त शुद्धि साधना एवं ध्यान कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और जीवनशैली में संतुलन स्थापित करने की साधना है।
कार्यक्रम में राजेश कृष्ण बिरला, उपमहापौर विवेक राजवंशी, पार्षद दीपिका एवं दुर्गेश शर्मा उपस्थित रहे। वरिष्ठ उद्योगपति एवं दी एसएसआई एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद राम मित्तल ने साधकों को आशीर्वचन दिए। अनायका ने सरस्वती वंदना पर नृत्य प्रस्तुत किया।

