स्टार्टअप में भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर: लोकसभा अध्यक्ष बिरला

784

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि स्टार्टअप में भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर है। यह भारत के युवाओं के बौद्धिक क्षमताओं की देन है। आज भारत का युवा जापान, जर्मनी, अमरिका समेत अन्य देशों में अपनी बौद्धिक क्षमताओं के आधार पर सेवाएं दे रहा है। बिरला शनिवार को दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पर भारत सरकार की ओर से आयोजित एक लक्ष्य-विशेष डिजिटल मल्टी मीडिया प्रदर्शनी का शुभारंभ कर रहे थे ।

उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में 130 करोड़ भारत की जनता तक डिजिटल के माध्यम से सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी उद्देश्य को लेकर यह डिजिटल प्रदर्शनी लगाई गई है। यह मील का पत्थर साबित होगी। मीडिया के कई तंत्र होते हैं। जनता तक बात पहुंचाने का काम करता है।

यह ब्यूरो भी जनता की अपेक्षा व आंकाक्षाओं को सरकार तक पहुंचाने का काम कर रहा है। सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाकर सभी वर्गों के लोगों के जीवन को बेहतर बनाना सरकार का उद्देश्य है।

इस प्रदर्शनी में 60 से अधिक पैनल लगाए गए हैं। 6 टेलीविजन स्क्रीन लगाई गई है। ऑडियो-वीडियो व टेबलेट के माध्यम से रोचक तरीके से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाई जाएगी। एक भारत-श्रेष्ठ भारत के तहत राजस्थान के सहयोगी राज्य पूर्वात्तर राज्य असम की संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।

सेल्फी जोन व एक्टिविटी एरिया भी
प्रदर्शनी में सेल्फी जोन व एक्टिविटी एरिया बनाया गया। इससे पहले चितौडगढ़ व उदयपुर में डिजिटल प्रदर्शनी लगाई गई। कोटा में यह तीसरी प्रदर्शनी है। इसे देखने के लिए 50 स्कूल के विद्यार्थी आएंगे। इसके लिए प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।