सोशल मीडिया पर गलत जानकारी या फेक न्यूज पोस्ट करना क्राइम है

896

विचित्र पुराण’ व्हाट्सऐप ग्रुप ने सातवीं वर्षगांठ मनाई

कोटा। शहर के लोकप्रिय व्हाट्सऐप ग्रुप विचित्र पुराण की स्थापना के सात वर्ष पूरे होने पर शनिवार को जीएमए प्लाजा सभागार में सदस्यों का स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सोशल मीडिया पर सूचनाओं का आदान-प्रदान सामाजिक अभिशाप है या वरदान विषय पर चर्चा की गई।

ग्रुप के एडमिन सुरेन्द्र गोयल विचित्र ने इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा ग्रुप समाचारों और उपयोगी जानकारी देने में विश्वसनीयता का पर्याय बन गया है।पिछले सात सालों से यदि कोटा महानगर में किसी भी व्यक्ति को सोशल मीडिया पर वायरल हुए किसी समाचार या अन्य सामग्री की सत्यता की पुष्टि करनी हो या विश्वसनीयता की जांच तो लोगों के जहन में एक ही नाम आता है ‘विचित्र पुराण’।

इससे पूर्व जनरल मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश जैन ने ग्रुप की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए होली की शुभकामनाएं दी। नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला ने कहा कि सोशल मीडिया को आवश्यक सूचना और जानकारी के लिए उपयोग में लाएं। ताकि यह वरदान साबित हो सके ना कि अभिशाप बने।

समारोह में ग्रुप के सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया का बहुत सावधानी से उपयोग करना चाहिए। गलत जानकारी या फेक न्यूज पोस्ट करना एक तरीके से क्राइम है। व्हाट्सऐप युनिवर्सिटी में तेजी से फैल रहे नफ़रत वॉयरस को भी खत्म करने की जिम्मेदारी समाज के सभी प्रमुख लोगों की है।

कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन और महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि सोशल मीडिया व्यापार उद्योग जगत के लिए वरदान साबित हो रहा है। सभी काम अब डिजिटल हो रहे हैं ऐसे में सरकारी नियमों की जानकारी के लिए व्हाट्सऐप बहुत उपयोगी साबित हो रहा है। इसीलिए इसका प्रयोग केवल सही दिशा में होना चाहिए।

भाजपा के शहर अध्यक्ष रामबाबू सोनी ने कहा कि राजनीति में सोशल मीडिया की महत्ती भूमिका है। किसी भी नेता की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसके कितने प्रशंसक हैं।

इनका किया सम्मान
इस अवसर पर ग्रुप से जुड़े सदस्यों रामबाबू सोनी, क्रांति जैन, अशोक माहेश्वरी, पवन लालपुरिया, रजनी मित्तल, नरेंद्र जैन, रुबीना क़ाज़ी, विमल जैन आदि का विभिन्न संगठनों में पद प्राप्ति पर अभिनंदन किया गया।