सोना-चांदी के दाम औंधे मुंह गिरे, जानिए आज के भाव

969

नई दिल्ली। विदेशों में पीली धातु के 1,650 डॉलर प्रति औंस से नीचे उतरने के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना शिखर से फिसलता हुआ मंगलवार को 845 रुपए लुढ़ककर 43,795 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी भी 800 रुपए की गिरावट में 49,350 रुपए प्रति किलोग्राम बिकी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में दोनों कीमती धातुओं पर रहे दबाव का असर स्थानीय बाजार में भी देखा गया। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को बीच कारोबार में 1,688.66 डॉलर प्रति औंस के सात साल के उच्चतम स्तर को छूने वाला सोना आज 6.80 डॉलर टूटकर 1,646.60 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।

बाजार विश्लेषकों ने बताया कि निवेशकों की मुनाफावसूली से पीली धातु दबाव में आ गई। अप्रैल का अमेरिकी सोना वायदा भी 26.20 डॉलर लुढ़ककर 1,650.40 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चांदी हाजिर 0.20 डॉलर की गिरावट में 18.38 डॉलर प्रति औंस के भाव बिकी।

स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 845 रुपए लुढ़ककर 43,795 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। सोमवार को यह 620 रुपए की उछाल के साथ 44,640 रुपए प्रति दस ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 43,625 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका। आठ ग्राम वाली गिन्नी 100 रुपए टूटकर 31,200 रुपए पर रही।

चांदी हाजिर 800 रुपए की गिरावट के साथ 49,350 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। चांदी वायदा 959 रुपए लुढ़ककर 47,818 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली भी 10-10 रुपए फिसलकर क्रमश: 970 रुपए और 980 रुपए प्रति इकाई पर स्थिर रहे।

कोटा सर्राफा
चांदी 48200 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना कैडबरी 43000 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 50150रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 43220 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 50400रुपये प्रति तोला।
(टैक्स एवं अन्य खर्चे अलग)