सेंसेक्स 50 हजार के पास पहुंचा, निफ्टी भी पहली बार 14,500 के पार बंद

589

मुंबई। आज भी शेयर बाजार नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ है। पहली बार BSE सेंसेक्स 49,500 और निफ्टी 14,500 के पार बंद हुआ है। मंगलवार को बाजार की तेजी में बैंकिंग और ऑटो शेयर सबसे आगे रहे। इसमें सरकारी बैंकों के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी रही। स्टेट बैंक (SBI) का शेयर 3.65% ऊपर बंद हुआ है।

सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 437 अंक ऊपर बंद
प्रमुख शेयरों में तेजी के चलते सेंसेक्स 247.79 अंक ऊपर 49,517.11 पर बंद हुआ है। शुरुआती गिरावट के बीच इंडेक्स 49,079.57 तक फिसल गया था। हालांकि अंत में इसने 437.54 अंक रिकवर किया। आज BSE पर 3,253 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें 1,687 के शेयर बढ़त और 1,407 के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। 387 के शेयरों ने एक साल का न्यू हाई बनाया। अच्छी बढ़त के चलते लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पहली बार 197.47 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है।

निफ्टी में रिकॉर्ड तेजी
इसी तरह निफ्टी इंडेक्स भी 78.70 अंक ऊपर 14,563.45 पर बंद हुआ है। इसमें टाटा मोटर्स का शेयर टॉप गेनर रहा। शेयर 7.52% ऊपर बंद हुआ है। कल भी शेयर 12% ऊपर बंद हुआ था। गेल का शेयर भी 4.68% ऊपर बंद हुआ है। इसके अलावा भारती एयरटेल, SBI और कोल इंडिया के शेयरों में भी 3-3% की बढ़त रही। दूसरी ओर एशियन पेंट का शेयर 3.24% नीचे बंद हुआ। टाइटन और नेस्ले इंडिया के शेयरों में भी 2-2% की गिरावट दर्ज की गई।

NSE पर सेक्टोरल बढ़त:दोपहर बाद लौटी तेजी में सबसे ज्यादा खरीदारी सरकारी बैंकों में दर्ज की गई। निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स 5.97% ऊपर बंद हुआ है। इसमें बैंक ऑफ बड़ौदा का शेयर 10.66% ऊपर बंद हुआ है। इसके अलावा रियल्टी इंडेक्स 2.76%, मीडिया इंडेक्स 1.38%, ऑटो इंडेक्स 1.24% और बैंक इंडेक्स 1.06% ऊपर बंद हुए हैं। रियल्टी में DLF का शेयर 10% ऊपर बंद हुआ।

कल सेंसेक्स 486.81 अंक ऊपर 49,269.32 पर बंद हुआ था। निफ्टी इंडेक्स भी 137.50 ऊपर 14,484.75 बंद हुआ था। सोमवार को विदेशी निवेशकों (FII) ने 6.45 हजार करोड़ रु. की खरीदारी की थी।

बाजार में तेजी की मुख्य वजह

  • प्रमुख शेयरों में तेजी के चलते बाजार की बढ़त को सहारा मिला
  • NSDL के मुताबिक 12 जनवरी तक FII ने कुल 13,771 करोड़ रुपए शेयर खरीदे