कोटा। रोटरी क्लब कोटा द्वारा एलेन करियर के समर्थ बिल्डिंग, इंदिरा विहार में आयोजित ‘कृष्णमय’ कार्यक्रम कृष्ण जन्मोत्सव की भक्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अपार उत्साह का अद्भुत संगम सिद्ध हुआ।
इस भव्य आयोजन में लगभग 600 श्रद्धालुओं, रोटरी सदस्यों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर संपूर्ण वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान गोविंद माहेश्वरी ने अपने सुमधुर कृष्ण भजनों और सुरीले गीतों की ऐसी तान छेड़ी कि पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और “जय श्री कृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा। उपस्थित श्रद्धालु देर तक श्रीकृष्ण भक्ति में भावविभोर होकर झूमते रहे।
आयोजन का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण के पावन जीवन से जुड़ी मनमोहक झांकियां रहीं। इसमें भगवान के जन्म, कालिया मर्दन, कंस वध तथा दशावतार के दिव्य रूपों को बेहद जीवंत ढंग से दर्शाया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही मलखंब के जाबांज़ कलाकारों के रोमांचक प्रदर्शन और पारंपरिक हांडी फोड़ प्रतियोगिता ने समारोह में अभूतपूर्व उल्लास और रोमांच भर दिया।
क्लब के सदस्यों और उनके परिजनों ने इस उत्सव में विशेष उत्साह दिखाया। अधिकांश प्रतिभागी श्रीकृष्ण, राधा, बलराम और नारद मुनि जैसे पौराणिक स्वरूपों की दिव्य वेशभूषा में सज-धजकर पहुंचे थे। जिससे कार्यक्रम स्थल पर साक्षात वृंदावन की अनुपम छटा साकार हो उठी।
रोटरी क्लब कोटा के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खिंची ने आयोजन की अपार सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सांस्कृतिक संध्या हमारी सनातन संस्कृति, समर्पण, टीम भावना और सामाजिक एकजुटता का अनुपम उत्सव था। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से आज पूरा कोटा शहर कृष्णमय प्रतीत हो रहा है।
प्रवक्ता संजय गोयल ने जानकारी दी कि आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में मेंटोर गोविंद–किरण माहेश्वरी व अनुपम–रीना शर्मा, एडवाइजर मुकेश–डॉ. मनीषा व्यास, प्रोजेक्ट चेयरमैन श्याम सुंदर–सुनीता गोयल (जॉली) सहित सभी प्रोजेक्ट डायरेक्टर्स और संकल्पधारियों का विशेष व सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में क्लब सचिव मुकेश चौधरी ने सभी अतिथियों, आयोजन समिति और सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। संपूर्ण परिसर के “जय श्री कृष्ण” के भक्तिमय उद्घोष के साथ इस अविस्मरणीय कार्यक्रम का समापन हुआ।

