कोटा। पाटनपोल व्यापार विकास समिति का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को पाटनपोल स्थित जैन भवन में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी थे, जबकि अध्यक्षता राजस्थान खुदरा खुदरा विक्रेता संघ के प्रदेश अध्यक्ष अध्यक्ष एवं समाजसेवी रामविलास जैन ने की।
पाटनपोल व्यापार विकास समिति के अध्यक्ष धीरज जैन, महामंत्री निर्मल जैन एवं कार्यवाहक अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि मुख्य अतिथि अशोक माहेश्वरी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष धीरज जैन, महामंत्री निर्मल जैन, कोषाध्यक्ष राजमल हरसौरा और कार्यवाहक अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अशोक माहेश्वरी ने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप मथुराधीश कॉरिडोर का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इसके पूर्ण होने के बाद पाटनपोल क्षेत्र देश के प्रमुख धार्मिक केंद्रों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
उन्होंने कहा कि कॉरिडोर बनने के बाद यहां आने वाले धार्मिक श्रद्धालुओं को मथुराधीश मंदिर के दर्शन के साथ-साथ समीप स्थित चंबल रिवर फ्रंट और कोटा के हेरिटेज बाजारों का भी भ्रमण करने का अवसर मिलेगा। इससे पाटनपोल सहित आसपास के बाजारों में आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, व्यापार और रोजगार को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मथुराधीश कॉरिडोर केवल धार्मिक दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह धार्मिक पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट साबित होगा। इससे पाटनपोल क्षेत्र कोटा के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ और मजबूती से जुड़ सकेगा।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी रामविलास जैन ने कहा कि कॉरिडोर के निर्माण में क्षेत्र के व्यापारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर के निर्माण के दायरे में आने वाले व्यापारियों एवं भवन मालिकों ने अपने प्रतिष्ठान और भवन सरकार को बिना किसी विरोध के सौंपकर विकास कार्य में सहयोग किया है।
उन्होंने कहा हमारा उद्देश्य है कि यह पूरा क्षेत्र सुंदर और हेरिटेज स्वरूप में विकसित हो तथा अधिक से अधिक धार्मिक पर्यटक एवं श्रद्धालु यहां आएं। इससे क्षेत्र के व्यापार और उद्योग को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर पाटनपोल व्यापार समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष धीरज जैन, महामंत्री निर्मल जैन एवं कार्यवाहक अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा और कोषाध्यक्ष राजमल जैन ने कहा कि पाटनपोल व्यापार विकास समिति क्षेत्र को और अधिक सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए क्षेत्र के बाजारों को आकर्षक स्वरूप देने का प्रयास करेगी। साथ ही क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों एवं धार्मिक श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी समिति लगातार कार्य करेगी।
उन्होंने मथुराधीश कॉरिडोर के निर्माण कार्य को गति देने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं विधायक संदीप शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के निवासियों को उचित मुआवजा दिलाने तथा व्यापारियों के हितों का ध्यान रखने में जनप्रतिनिधियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने निर्वाचन पर सभी व्यापारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति क्षेत्र को समस्यामुक्त बनाने, व्यापारियों के हितों की रक्षा करने तथा व्यापारिक विकास के लिए निरंतर कार्य करेगी। उन्होंने संस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प भी व्यक्त किया।

