ऊर्जा मंत्री के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर हटवाया अतिक्रमण
सांगोद/कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के कड़े निर्देशों के बाद सांगोद क्षेत्र की ग्राम पंचायत बोरीनाकलां के अंतर्गत आने वाले बोरीना खुर्द गांव में लंबे समय से मुख्य रास्ते पर हो रहे गंभीर जलभराव की समस्या का आखिरकार पूरी तरह से स्थायी समाधान कर दिया गया है।
मंत्री नागर के कड़े और स्पष्ट निर्देशों के बाद स्थानीय प्रशासन ने युद्धस्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की। गांव के मुख्य मार्ग पर पसरे अतिक्रमण को पूरी तरह हटाते हुए जल निकासी के लिए नए नाले का निर्माण करवाया गया है। जिससे ग्रामीणों को कई फीट भरे गंदे पानी और कीचड़ की समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिल गई है।
उल्लेखनीय है कि बोरीना खुर्द गांव के मुख्य रास्ते पर कई फीट तक गंदा और बरसाती पानी जमा हो जाने के कारण स्थानीय निवासियों की स्थिति अत्यंत नारकीय बनी हुई थी। जलभराव के चलते पूरी सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और वहां गहरे व खतरनाक गड्ढे बन गए थे।
इसके कारण आए दिन दुपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे थे और ग्रामीणों का पैदल चलना भी दूभर हो चुका था। लंबे समय से जमा इस पानी के कारण क्षेत्र में मच्छरों का भयंकर प्रकोप बढ़ रहा था, जिससे गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा पैदा हो गया था। ग्रामीणों के द्वारा ऊर्जा मंत्री को अवगत कराया गया था।
जब इस गंभीर जनसमस्या और ग्रामीणों की परेशानी की जानकारी ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर को मिली, तो उन्होंने अत्यंत संवेदनशीलता दिखाते हुए इसे तुरंत संज्ञान में लिया। मंत्री नागर ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से मौके पर पहुंचने तथा समस्या का त्वरित निस्तारण करने के सख्त निर्देश जारी किए।
मंत्री के आदेश मिलते ही पूरा प्रशासनिक अमला भारी मशीनरी और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचा। मार्ग को अवरुद्ध करने वाली मिट्टी और अतिक्रमण को पूरी तरह से ध्वस्त किया गया तथा त्वरित रूप से एक गहरे नाले की खुदाई की गई। नाला बनते ही सड़क पर जमा सारा पानी सुगमता से बाहर निकल गया।
इस त्वरित और प्रभावी प्रशासनिक कार्रवाई से बोरीना खुर्द सहित आस-पास के ग्रामीणों में भारी हर्ष का माहौल है। वर्षों से लंबित इस बड़ी समस्या का चंद घंटों में समाधान होने पर पूरे गांव ने राहत की सांस ली है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने आमजन की पीड़ा को समझने और त्वरित राहत प्रदान करने के लिए लोकप्रिय ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर एवं जिला प्रशासन का सहृदय आभार व्यक्त किया है।

