‘समर्था’ ने शुरू किया निशुल्क नारी कौशल केन्द्र; आत्मनिर्भर नारी से सशक्त होगा समाज

0
4

कोटा। महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘समर्था’ हर जीवन को नई दिशा द्वारा गुरुवार को स्वामी विवेकानंद विद्यालय, शॉपिंग सेंटर, कोटा में निःशुल्क नारी कौशल केन्द्र का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, विनोद कुमार मल्होत्रा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि विश्वविद्यालय, कोटा की कुलगुरु डॉ.विमला डूकवाल तथा कोटा विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. रानी दाधीच उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी विवेकानंद विद्यालय की प्रधानाचार्य नीता गौतम ने की।

कार्यक्रम के शुभारंभ के पश्चात संस्था की संस्थापक सारिका मित्तल एवं सोनल गोयल ने सभी अतिथियों का दुपट्टा एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया। संस्थापक सारिका मित्तल ने संस्था की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि नारी कौशल केन्द्र पूर्णतः निःशुल्क संचालित किया जाएगा, जिसमें बालिकाओं एवं महिलाओं को प्रतिदिन दो घंटे का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

प्रशिक्षण के अंतर्गत सिलाई, हस्तकला, व्यक्तित्व विकास, स्वरोजगार तथा जीवनोपयोगी कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे महिलाएँ आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने बताया कि ‘समर्था’ भविष्य में स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सेवा से जुड़े विविध जनकल्याणकारी कार्यक्रम भी संचालित करेगा।

मुख्य अतिथि विनोद कुमार मल्होत्रा ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति महिलाओं के सशक्त होने से ही संभव है। विशिष्ट अतिथि डॉ. विमला डूकवाल ने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण महिलाओं के आत्मविश्वास और आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार है। वहीं डॉ. रीना दाधीच ने कहा कि शिक्षा और कौशल का समन्वय महिलाओं को नई पहचान और नए अवसर प्रदान करता है।