संगीत का मजा लेना है तो इन एप्स पर सुनें Free में मोबाइल पर गाने

913

गीत-संगीत के दीवाने देश में स्मार्टफोन ने नई पीढ़ी को आधी सदी पहले के गीतों से जोड़ा है, तो आधी सदी पुराने लोगों को इंटरनेशनल हिप-हॉप, रॉक, पॉप और जैज से जोड़ा है। ऑनलाइन गीत-संगीत का खजाना है। पेश हैं खजाने के कुछ मोती जिनकी कोई कीमत नहीं चुकानी।

यदि आप भी संगीत के दीवाने हैं, तो कुछ ऐसे ऐप्स हैं, जिनकी मदद से आप अपने स्मार्टफोन पर अपनी पसंद के ऑनलाइन और ऑफलाइन गानों का आनंद ले सकते हैं। कुछ ऐप्स पर गानों को डाउनलोड करने या नए गानों को सुनने के लिए सब्सक्रिप्शन की जरूरत पड़ती है।

गूगल प्ले म्यूजिक
यह ऐप सभी एंड्रॉयड डिवाइसेज में मौजूद होता है। इस ऐप में आप अपनी पसंद के गानों को ऑनलाइन सुन सकते हैं। ऐप का इंटरफेस काफी आसान है। इस ऐप पर आर्टिस्ट सॉन्ग सिलेक्शन का विकल्प भी है। इस ऐप को 100 करोड़ यूजर्स ने डाउनलोड किया है।

एमआई म्यूजिक और हंगामा म्यूजिक
इस ऐप में कई विदेशी भाषाओं समेत हिंदी, पंजाबी और भोजपुरी जैसी देसी भाषाओं में एक करोड़ से अधिक गानों का संग्रह है। इस ऐप में डायनैमिक लिरिक्स की सुविधा भी दी गई है, गाने के साथ ही लिरिक्स भी दिखेंगे। यह ऐप एक अच्छा म्यूजिक प्लेयर भी है, लेकिन यह ऐप केवल एमआई फोन यूजर्स के लिए ही है।

यूजर्स को ऑनलाइन गाने उपलब्ध कराने के लिए एमआई ने हंगामा म्यूजिक के साथ समझौता किया है, जिसके तहत हंगामा म्यूजिक का सारा कंटेंट एमआई म्यूजिक प्लेयर पर मिलेगा। इसके लिए उपभोक्ता को अलग से अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं है। साथ ही जो लोग एमआई पभोक्ता नहीं हैं, तो वे गूगल प्लेस्टोर से ‘हंगामा म्यूजिक’ ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं। इसमें आप गानों को सुनने के साथ ही उन्हें मुफ्त में डाउनलोड कर सकते हैं।

जियो म्यूजिक और सावन
इस ऐप को डाउनलोड करने के बाद आपको अपने जियो नंबर से पंजीकृत करना होगा। इस ऐप पर मूड के हिसाब से मोडस दिए गए हैं। इस ऐप पर एक करोड़ से भी अधिक गानों का संग्रह है। इन गानों को आप ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से सुन सकते हैं।

इस ऐप पर आर्टिस्ट सॉन्ग सिलेक्शन का विकल्प भी है, जिसमें एआर रहमान, अरिजीत सिंह, मोहम्मद रफी, किशोर कुमार, सोनू निगम, जगजीत सिंह और हनी सिंह समेत कई गायक शामिल हैं। हाल ही में जियो म्यूजिक ने सावन के साथ करार किया है, जिसके तरह सावन म्यूजिक एंड रेडियो की सारी सामग्री जियो म्यूजिक ऐप पर उपलब्ध होगी। इसके अलावा जो लोग जियो उपभोक्ता नहीं हैं, वे गूगल प्लेस्टोर से ‘सावन म्यूजिक एंड रेडियो’ डाउनलोड कर सकते हैं।

गाना
इस ऐप पर आप अपने मोबाइल फोन पर अपने सभी पसंदीदा हिंदी गाने, क्षेत्रीय संगीत और रेडियो मिर्ची का ऑनलाइन आनंद ले सकते हैं। यदि आप अपनी प्लेलिस्ट में सहेजे गए एमपी3 गानों को ऑफलाइन सुनना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको 99 रुपये प्रति माह चुकाने होंगे। इस ऐप की मदद से डाउनलोड किए गए गानों को आप सिर्फ इसी ऐप पर बजा सकते हैं।

यह ऐप आपको विज्ञापन मुक्त संगीत का बेहतरीन अनुभव देती है। यदि डिफॉल्ट म्यूजिक प्लेयर आपकी अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर रहा है, तो इंटरनेट पर कुछ ऐसे म्यूजिक प्लेयर ऐप्स हैं, जिन्हें आप मुफ्त में डाउनलोड कर सकते हैं। इनसे संगीत की गुणवत्ता में बदलाव किया जा सकता है।

जेट ऑडियो
यह एक बेहतरीन सॉन्ग प्लेयर है। इसके फ्री वर्जन में साउंड सेटिंग्स के बेशुमार ऑप्शन्स दिए गए हैं। इस प्लेयर में एक्स-बॉस, प्लेबैक स्पीड कंट्रोल, ऑटोमैटिक गेन कंट्रोल और अन्य फीचर्स मिलते हैं। इस पर लगभग हर तरह की म्यूजिक फाइल चलती है।

पल्सर
यह एक लाइटवेट और फुल फीचर वाला म्यूजिक प्लेयर है, जो मटीरियल डिजाइन के साथ आता है। इसमें सुंदर यूजर इंटरफेस के साथ एनीमेशन का भी प्रयोग किया गया है। म्यूजिक को एलबम, आर्टिस्ट, फोल्डर और जेनरे के जरिए मैनेज और प्ले कर सकते हैं। इसमें फास्ट सर्च का विकल्प भी उपलब्ध है और टैग एडिटर का भी प्रयोग कर सकते हैं।