बाज़ार में ऐतिहासिक तेजी, सेंसेक्स एक दिन में पहली बार 2,200 अंक से ज्यादा उछला

892

मुंबई। कॉर्पोरेट टैक्स में कटौती और कैपिटल गेन्स टैक्स सरचार्ज में छूट का वित्त मंत्री की ओर से ऐलान होते ही शेयर बाजार झूम उठा। दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स ने 2,280 अंकों तक की उछाल हासिल कर ली। सेंसेक्स में महज एक दिन में ही करीब 6 फीसदी का यह जोरदार उछाल देखने को मिला है।

ऐतिहासिक आंकड़ों के लिहाज से बात करें तो शेयर बाजार में महज एक दिन में यह अब तक की सबसे बड़ी उछाल है। इससे पहले 18 मई, 2009 को बाजार 2,110 पॉइंट उछला था। सेंसेक्स 1,921.15 अंकों की बड़ी उछाल के साथ 38,014.62 और निफ्टी 11,200 पर बंद हुआ।

तब तत्कालीन यूपीए सरकार के एक बार फिर से सत्ता में वापस लौटने का जश्न मार्केट ने मनाया था। अब कॉर्पोरेट सेक्टर और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों को छूट के जश्न में बाजार ने यह उछाल दर्ज किया है। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन की यह उछाल बाजार बंद होने तक और ऊंची हो सकती है। निफ्टी में भी 500 से ज्यादा अंकों का उछाल आया है।

आइए जानते हैं, कब-कब बाजार ने लगाई जोरदार छलांग…

20 सितंबर, 20192,280 पॉइंट्स
18 मई, 2009 2,110 पॉइंट्स
20 मई, 2019 1421 पॉइंट्स
25 जनवरी, 2008 1139 पॉइंट्स
25 मार्च, 2008 928 पॉइंट्स
14 नवंबर, 2007 893 पॉइंट्स
23 अक्टूबर, 2007 878 पॉइंट्स
1 मार्च, 2016777.35 पॉइंट्स
12 अक्टूबर, 2018 732.43 पॉइट्स
15 जनवरी, 2015 728.73 पॉइंट्स
10 सितंबर, 2013727.03 पॉइंट्स

एक घंटे में ही निवेशकों ने बनाए 5 लाख करोड़ रुपये
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी BSE के डेटा के मुताबिक, ऐलानों के तुरंत बाद बाजार चढ़ने लगा और कुछ ही देर में मार्केट कैपिटलाइजेशन (MCap) 143.45 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो गुरुवार को 138.54 लाख करोड़ रुपये था। यानी करीब 5 लाख करोड़ की बढ़त।