विप्र फाउंडेशन का विशाल महाकुंभ 27 को, एक दर्जन से अधिक समितियों का गठन

101
  • भगवान परशुराम के विशाल कटआउट लगेंगे, भगवा पताकाओं से सजेगा शहर
  • चार लाख वर्ग फीट में बनेगा पांडाल, 2 लाख लोगों का भोजन होगा तैयार

कोटा। Vipra Foundation Mahakumbh: विप्र फाउंडेशन की ओर से 27 अगस्त को प्रातः 11 बजे दशहरा मैदान में विराट विप्र महाकुंभ (Virat Vipra Mahakumbh) आयोजित किया जाएगा। विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा कार्यक्रम संयोजक भुवनेश्वर शर्मा चच्चू भैया ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान शहर भर को भगवा पताकाओं और भगवान परशुराम के विशाल कटआउट से सजाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए एक दर्जन से अधिक समितियां और उप समितियां गठित की गई हैं। जिनमें भोजन, आवास, यातायात, परिवहन, मंच, साज सज्जा, पांडाल, जल, प्रबंधन, आपूर्ति, स्वागत समिति बनाई गई है। कार्यक्रम से जुड़े पदाधिकारी तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को दशहरा मैदान पहुंचे।

उपाध्यक्ष हरिसूदन शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के लिए चार लाख वर्गफीट में पंडाल बनाया जा रहा है। वहीं 2 लाख लोगों का भोजन बनाया जाएगा। कार्यक्रम को देखने के लिए 8 एलइडी स्क्रीन लगाई गई हैं। वहीं 3 मंच बनाए जा रहे हैं। जिन पर बाहर से आने वाले अतिथि, स्थानीय नेतृत्व तथा संत समाज विराजमान होगा।

महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष शशि शर्मा ने बताया कि लोगों को आमंत्रित करने के लिए घर- घर जाकर कार्यकर्ता पीले चावल बांट रहे हैं। कोटा शहर से तकरीबन 50 हजार लोग महाकुम्भ में शामिल होंगे। वहीं राजस्थान भर से 2 लाख लोग एकत्रित होंगे। बाहर से आने वाले लोगों को कोटा में प्रवेश करने से पूर्व ही भोजन पैकेट दे दिए जाएंगे तथा चाय और नाश्ते की व्यवस्था भी की गई है। सभी महिलाएं ड्रेस कोड में रहेंगी।

इस दौरान हरिसूदन शर्मा, शशि शर्मा, दिनेश शर्मा, रघुनंदन गौतम, विकास तिवारी, दीपक शर्मा, रमेशचंद गौतम, ऋषभ दुबे, नीरज गौतम, मोहित सनाढ्य, अनिता शर्मा, श्रुति मालवीय, संतोष गौतम, सुमन शर्मा, कुसुम शर्मा, सुनीता शर्मा समेत विभिन्न कार्यकर्ता व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे।