वर्ष के अंत तक भारत में पेमेंट सेवा शुरू करेगा WhatsApp

897

नई दिल्ली।इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप वॉट्सऐप इस साल के अंत तक भारत में अपनी पेमेंट सेवा शुरू कर सकता है। वॉट्सऐप के ग्लोबल हेड Will Cathcart ने बुधवार को इस बारे में जानकारी दी। फिलहाल देश में वॉट्सऐप के 40 करोड़ यूजर्स हैं। कंपनी पिछले साल से तकरीबन 10 लाख यूजर्स के साथ पेमेंट सेवा का परीक्षण कर रही है। वॉट्सऐप की सेवा का मुकाबला देश में पहले से मौजूद Paytm, PhonePe, GooglePay से रहेगा।

Will Cathcart ने कहा कि, कंपनी पैसों के ट्रांसफर को मैसेज भेजने की तरह आसान बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि, अगर इस सेवा ने ठीक से काम किया तो यह देश में वित्तीय समावेश को बढ़ावा देने में मदद करेगी। यह सेवा देश की तेजी से बढ़ती डिजिटल इकोनॉमी में लोगों को सुविधा पहुंचाएगी। वॉट्सऐप के दुनियाभर में 1.5 अरब यूजर्स हैं। कंपनी अन्य देशों में भी इस सुविधा को लॉन्च करने के दिशा में काम कर रही है।

कई विवादों में घिरी यह योजना
वॉट्सऐप की पेमेंट सेवा की योजना डाटा स्टोरेज प्रैक्टिस और ऑथेंटिकेशन को लेकर भारत में कई विवादों में घिर चुकी है। इसके प्रतिद्वंदियों ने आरोप लगाया है कि वॉट्सऐप के पेमेंट प्लेटफॉर्म में उपभोक्ताओं के लिए कई सिक्योरिटी रिस्क हैं और यह नियमों का भी पालन नहीं कर रहा है। पिछले साल अक्टूबर में वॉट्सऐप ने सफाई देते हुए कहा था कि, उसने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के निर्देशों के अनुसार पेमेंट संबंधित डाटा को देश में ही स्टोर करने के लिए सिस्टम विकसित किया है।