लाल निशान पर खुला बाजार, बाद में 146 अंक सुधर कर 58,044 पर

308

मुंबई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स बुधवार को 146.47 अंक उछल कर 58,043.95 पर कारोबार कर रहा है। बैंकिंग स्टॉक्स में तेजी दिख रही है। शेयर बाजार लाल निशान पर खुला था। इसने 57,973 का ऊपरी स्तर और 57,721 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 शेयर्स में से 16 स्टॉक बढ़त में कारोबार कर रहे हैं जबकि 14 शेयर्स गिरावट में हैं। बढ़ने वाले प्रमुख शेयर में इंडसइंड बैंक, डॉ. रेड्‌डी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, सन फार्मा हैं। इसके साथ ही ICICI बैंक, लार्सन एंड टूब्रो, बजाज फिनसर्व, टाइटन और एशियन पेंट्स भी बढ़त में हैं।

पावरग्रिड और इंफोसिस गिरावट में
गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में पावर ग्रिड, इंफोसिस, HDFC बैंक, विप्रो और NTPC हैं। मारुति, टाटा स्टील, HDFC, कोटक बैंक और अल्ट्राटेक भी गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। आज लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 264.23 लाख करोड़ रुपए है। सेंसेक्स में 378 कंपनियों के शेयर अपर सर्किट में जबकि 46 शेयर लोअर सर्किट में हैं।

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 10 पॉइंट्स बढ़त के साथ 17,238 पर कारोबार कर रहा है। इसने दिन में 17,255 का ऊपरी और 17,180 का निचला स्तर बनाया। यह 17,220 पर खुला था। इसके 50 शेयर्स में से 18 बढ़त में और 30 गिरावट में हैं। 2 शेयर्स में कोई बदलाव नहीं है। बढ़ने वाले स्टॉक्स में इंडसइंड बैंक, सिप्ला, डॉ. रेड्‌डी, ICICI बैंक और रिलायंस हैं।

ग्रासिम और कोल इंडिया के शेयर नीचे
गिरने वाले स्टॉक्स में पावरग्रिड, ग्रासिम, कोल इंडिया और इंफोसिस हैं। इसके नेक्स्ट 50, मिडकैप, बैंकिंग और फाइनेंशियल इंडेक्स बढ़त में कारोबार कर रहे हैं। इससे पहले कल शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन बढ़त में रहा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 477 पॉइंट्स (0.83%) बढ़कर 57,897 पर जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 147 (0.86%) अंक बढ़कर 17,233 पर बंद हुआ था। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 263.52 लाख करोड़ रुपए पर रहा।

.