राजस्थान स्टेट रोलर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में कोटा के स्केटर्स का दबदबा

0
104

गति और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा मेडल जीते

कोटा। राजस्थान रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय (स्टेट लेवल) रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में कोटा जिले के नन्हे व युवा खिलाड़ियों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा, गति और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा मेडल अपने नाम किए हैं।

प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों में कोटा के खिलाड़ियों ने पूरे ट्रैक पर अपना वर्चस्व बनाए रखा और जिले को गौरवान्वित किया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कोटा के स्केटर्स ने इनलाइन और क्वाड स्केटिंग दोनों ही विधाओं में बेहतरीन प्रदर्शन दिखाया।

अंडर-6 बालक वर्ग के इनलाइन इवेंट में निमांंश कालरा ने 200 मीटर और 300 मीटर दौड़ में अपने शानदार प्रदर्शन से मेडल हासिल किए। वहीं, अंडर-8 वर्ग में खिलाड़ियों ने जबरदस्त तालमेल दिखाया।

बालक क्वाड श्रेणी में रेयान वर्षित ने 200 मीटर और 300 मीटर में मेडल जीते। जबकि बालिका इनलाइन श्रेणी में प्रिशा अग्रवाल ने 200 मीटर और 300 मीटर स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए।

उम्र और प्रतिस्पर्धा के बढ़ने के साथ ही कोटा के खिलाड़ियों का जज्बा और बुलंद नजर आया। अंडर-10 बालिका क्वाड श्रेणी में देबास्मिता प्रधान ने 200 मीटर और 300 मीटर रेस में अपनी रफ्तार का लोहा मनवाते हुए मेडल अपने नाम किए।

इसके अलावा, अंडर-15 वर्ग कोटा के लिए बेहद सफल साबित हुआ। इस वर्ग की बालक इनलाइन श्रेणी में धीर चावला ने 500 मीटर और 1000 मीटर में अपनी बेहतरीन तकनीक से पदक जीता।

इसी आयु वर्ग (अंडर-15) की बालक क्वाड श्रेणी में प्रतीश अग्रवाल और रुद्र सिंह दोनों ही खिलाड़ियों ने 500 मीटर और 1000 मीटर स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडल जीते।

सीनियर लेवल के करीब मानी जाने वाली अंडर-18 बालक क्वाड श्रेणी में दिग्विजय प्रजापति ने 500 मीटर और 1000 मीटर रेस में अपनी असाधारण गति और स्टैमिना का प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किया।

इन सभी होनहार खिलाड़ियों के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से कोटा में खुशी की लहर दौड़ गई है। खेल प्रेमियों, अभिभावकों और कोच के साथ एसोसिएशन के महासचिव मोहसिन खान ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।