राजस्थान / लड़का-लड़की को प्यार का हक, नहीं बने जमाना दुश्मन: गहलोत

0
1283

जोधपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कमला नेहरू महिला कॉलेज छात्रसंघ कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज के समय में अगर लड़का-लड़की प्यार करें तो अभिभावकों को क्यों तकलीफ होनी चाहिए। इंटरकास्ट मैरिज से भी परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का जमाना है।

प्यार ऐसे ही नहीं होता है। ऊपर वाला देता है।…(थोड़ा रुक कर) ताली बजाओ…। बताओ आज जमाना बदल गया है? प्यार मोहब्बत ऐसी चीज है। कुछ सोचते नहीं हैं। लेकिन उनकाे मार देते हैं मां-बाप या अन्य लोग…? तो लड़कियां क्या पूछ कर करेंगी प्यार? प्यार हो जाता है। उन्हें कहा कि किसी को कोई हक नहीं मारने का। हमने कानून बनाया है।

सीएम के भाषण के दौरान बार-बार तालियां बजती रही। गहलोत ने महिला सशक्तीकरण के लिए घूंघट प्रथा हटाने की अपील की और आमजन से पहला सुख निरोगी काया के मूलमंत्र को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने 7 सुख भी बताए। उन्होंंने कहा कि प्रियंका मुझसे मिलने सात बार आई, यह मुझे नहीं पता। क्यों कि सरकार में आते ही हम हाइजेक हो जाते हैं। घर वालों से नहीं मिल पाते हैं। उन्होंने कहा कि यहां आकर मुझे कॉलेज के दिन याद आते हैं। जब मैं वोट मांगने के लिए आया तो मेरे पैर धूजते थे।

इस मौके पर छात्रसंघ अध्यक्ष प्रियंका सिंह नरुका ने पांच मांगें रखीं और कहा कि सीएम गहलोत इस कॉलेज की स्थिति को सुधारने का भरसक प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री भंवरसिंह भाटी, विधायक मनीषा पंवार, महेंद्र विश्नोई, किशनाराम विश्नोई, हीरालाल मेघवाल, मीना कंवर, कुलपति बीआर चौधरी और छात्रसंघ अध्यक्ष रवींद्रसिंह भाटी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

ई-लाइब्रेरी के लिए 5 लाख रुपए मिलेंगे
छात्रसंघ अध्यक्ष प्रियंका सिंह नरुका ने पांच मांगें रखीं। इस पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दो मांगें मान ली और मौके पर ही सीएम फंड से 5 लाख रुपए ई-लाइब्रेरी और हॉस्टल के 16 कमरों के लिए 87 लाख रुपए देने की घोषणा की।