राजस्थान में मानसून की एंट्री इस बार जुलाई में संभव, आज आंधी और बारिश का अलर्ट

0
106

यपुर। मौसम विभाग ने आज राजस्थान के कुछ हिस्सों में अंधड़ के साथ बारिश व ओले गिरने की संभावना जताई है। खासकर पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में गुरुवार को अंधड़ और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। गुरुवार शाम तक बीकानेर संभाग, शेखावाटी, जयपुर व भरतपुर संभाग में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इन क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। उधर प्रदेश में उमसभरी गर्मी के तेवर बरकरार है। बुधवार को प्रदेश के कई इलाकों में पारा 40 डिग्री से. के पार रहा। चूरू, जयपुर, बूंदी, बाड़मेर, फलौदी सहित प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में गुरुवार को भी गर्मी का दौर जारी है।

मौसम विभाग केंद्र के अनुसार अरब सागर में आए चक्रवात के कारण राजस्थान में मानसून की एंट्री में भी देरी की संभावना है। हर बार मानसून 25 जून के आसपास राज्य में प्रवेश कर जाता है, लेकिन इस बार करीब 8 दिन की देरी हो सकती है। ऐसे में जुलाई में ही राजस्थान में मानसून का प्रवेश होने की संभावना है।

राजस्थान, पंजाब सीमा के ऊपर अभी भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इस सिस्टम के असर के कारण राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से गंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर एरिया में आज भी मौसम बदलने की संभावना है। इन जिलों में धूलभरी हवाएं चल सकती हैं और बादल भी छा सकते हैं। मौसम विभाग ने इन एरिया में 30-40 किलोमीटर की स्पीड से हवा चलने की संभावना जताई है।

अरब सागर में आए चक्रवात के कारण राजस्थान में मानसून की एंट्री सामान्य से 8 दिन की देरी से होने का अनुमान है। चक्रवात के चलते ही अब तक भारत में मानसून की एंट्री नहीं हो पाई है। केरल में मानसून की एंट्री अगले 48 से 72 घंटे के अंदर होने की संभावना है। ऐसे में राजस्थान तक मानसून को आने में ज्यादा वक्त लग सकता है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि प्रदेश में जुलाई के पहले सप्ताह तक मानसून की एंट्री होने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक कुछ दिनों तक गर्मी के तेवर तेज रहेंगे।