जयपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में राजस्थान में मतदाता सूची के सतत अद्यतन (Continuous Updation) के अंतर्गत अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान सम्मिलित होने से शेष पात्र मतदाताओं एवं युवा तथा प्रथम बार पात्र हुए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना है।
राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, नवीन महाजन द्वारा अवगत करवाया गया कि सभी जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब स्कूल एवं कॉलेज द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम एवं विशेष केम्प का आयोजन किया जायेगा। साथ ही पात्र नागरिकों से भी अपील है कि वे इस अभियान का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें।
भारत निर्वाचन आयोग ने आम जन की सुविधा के लिए मतदाता पंजीकरण के फॉर्म-6 व संशोधन के फॉर्म-8 के साथ एस आई आर के दौरान जोड़े गये घोषणा पत्र को हटा दिया है। अब राजस्थान सहित एस आई आर की प्रक्रिया पूर्ण हो चुके अन्य राज्यों में पात्र नागरिक voters.eci.gov.in अथवा ecinet portal के माध्यम से पंजीकरण हेतु फॉर्म-6 ऑनलाईन भर सकते है अथवा अपने क्षेत्र के बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से भी आवेदन कर सकते है।
इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब स्कूल एवं कॉलेज द्वारा आयोजित किये जाने वाले विशेष केम्पों में जाकर भी आवेदन की प्रक्रिया को आसानी से समझा जा सकता है। कोई पात्र मतदाता ना छूटे की मूल भावना से ही सहभागी एवं समावेशी लोकतंत्र के उद्देश्य को प्राप्त किया जा सकता है।

