राजस्थान में कर्मचारियों को रिटायरमेंट के दिन ही मिलेगा पेंशन परिलाभ

84

जयपुर। राजस्थान में कर्मचारियों को अब रिटायरमेंट के दिन ही पेंशन परिलाभ मिलेगा। सीएम गहलोत की बजट घोषणा पर वित्त विभाग ने मुहर लगा दी है। प्रदेश के करीब 3 लाख कर्मचारियों को पेंशन का लाभ मिलेगा।

वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा है कि पेपरलेस और समयबद्ध प्रक्रिया को संयोजित किया है। हर साल रिटायर होने वाले 25-30 हजार कर्मियों को बड़ी राहत। जिस पे बैंड पर कर्मचारी सेवानिवृत्त होगा उसी के आधार पर हाथों-हाथ पेंशन, ग्रेच्युटी व कम्यूटेशन के आदेश जारी किए जाएंगे। पहले महीनों लगते थे। यदि सर्विस बुक अपडेट नहीं होती थी तो कई दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे।

सरकार ने जीपीएफ खाते से मिलने वाले क्लेम को ऑनलाइन कर दिया। पैसा निकालने के लिए अब किसी को आवेदन नहीं करना होगा। पुरानी व्यवस्था में इसके लिए डीडीओ के जरिए आवेदन करना होता था। दस्तावेज भी पेश करने पड़ते थे। पैसा निकासी के लिए कारण बताना पड़ता था और दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होते थे। इसमें बहुत वक्त लगता था और भ्रष्टाचार की आशंका थी।