राजस्थान/ जन सूचना पोर्टल पर मिलेगी अब 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी

0
701

जयपुर। शुक्रवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा तैयार किए गए जन सूचना पोर्टल-2019 का उद्घाटन करने बिड़ला सभागार पहुंचे। इस दौरान सचिन पायलट समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। इस पोर्टल jansoochna.rajasthan.gov.in के माध्यम से आमजन को व्यापक रूप से सरकारी विभागों से जुड़ी सूचनायें उपलब्ध करवाई जाएंगी।

इस पोर्टल के माध्यम से प्रारम्भ में 13 विभागों की 23 विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी अब एक ही क्लिक पर मिलेगी। धीरे-धीरे अन्य विभागों की योजनाओं को जोड़ा जाएगा। इस वेब पोर्टल की शुरूआत होने से सरकार के कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होगी वहीं नागरिकों को एक ही जगह पर अद्यतन एवं पुख्ता सूचनाएं अपने आप उपलब्ध होगी।

यह प्रयास जन-कल्याण अधारित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ राज्य के नागरिकों को सशक्त बनाएगा। यह कदम राजस्थान सामाजिक जवाबदेही विधेयक, 2019 के तहत विभागों द्वारा सार्वजनिक रूप से सूचनाओं को पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने की भावना को प्रबल करेगा। राजस्थान राजकीय कार्यों में सूचना प्रौद्योगिकी के उपयोग से आमजन को सेवायें प्रदान करने में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।

पोर्टल से जुड़े ये 13 विभाग
पोर्टल से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, ग्रामीण विकास व पंचायती राज विभाग, प्रारभ्भिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, श्रम एवं रोजगार विभाग, खान एवं भूविज्ञान विभाग, राजस्व विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, सहकारिता विभाग, ऊर्जा विभाग, आयोजना व सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग और प्रशासनिक सुधार विभाग जुड़े हुए है।

इन 23 योजनाओं की मिलेगी जानकारी
पोर्टल पर महात्मा गाँधी नरेगा से संबंधित कार्यों की जानकारी, ग्रामीण क्षेत्रों में खुले में शौचमुक्त लाभार्थियों की जानकारी, पंचायतीराज संस्थाओं के विकास कार्यों की जानकारी, मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा एवं जाँच योजना, आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान, स्वास्थ्य बीमा योजना के लाभार्थियों की जानकारी, सूचना के अधिकार (आरटीआई) की जानकारी, खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों की जानकारी, उचित मूल्य की दुकानों की जानकारी, राशनकार्ड धारकों की जानकारी, राजस्थान कृषक ऋण माफी योजना-2019 के लाभार्थियों की जानकारी उपलब्ध होगी।

इसी प्रकार अल्पकालीन फसली ऋण-2019 के वितरण की जानकारी, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी)पर दलहन एवं तिलहन खरीद की जानकारी, शालादर्पण एवं शाला दर्शन की सूचनाएं, विशेष योग्यजनों के लाभार्थियों की जानकारी, सामाजिक सुरक्षा पेन्शन के लाभार्थियों की जानकारी, पालनहार योजना एवं लाभार्थियों की जानकारी, श्रमिक कार्ड धारको की जानकारी, ई-मित्र कियोस्कों की जानकारी, कार्डधारकों की जानकारी, क्लीयरेंस रिपोर्ट जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट की जानकारी, राज्य निवासी डेटा रिपोजिटरी कार्ड धारको की जानकारी, गिरदावरी की नकल, वन अधिकार अधिनियम, सामुदायिक वन अधिकार की जानकारी तथा विद्युत उपभोक्ताओं एवं आवेदनों से संबंधित जानकारी भी इस पोर्टल पर मिलेगी।