‘मिस वर्ल्ड’ की मेजबानी इस बार भारत करेगा, देश को रिप्रेजेंट करेंगी सिनी शेट्टी

0
79

नई दिल्ली। Miss World 2023: ‘मिस वर्ल्ड पेजेंट’ इस साल भारत में आयोजित होगा। करीब तीन दशक के बाद भारत ‘मिस वर्ल्ड पेजेंट’ की मेजबानी करने जा रहा है। हाल ही में, दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित हुई, जहां इसका ऐलान किया गया।

71वां मिस वर्ल्ड की मेजबानी करने का सम्मान भारत को 27 साल बाद मिला है। आखिरी बार देश में साल 1996 में ‘मिस वर्ल्ड पेजेंट’ आयोजित की गई थी। गुरुवार को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी। मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन की चेयरपर्सन और सीईओ जूलिया मॉर्ले ने ये अनाउंसमेंट की।

उन्होंने कहा “मुझे ये घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि, भारत 71वें मिस वर्ल्ड फाइनल का नया घर है। मेरा भारत से तब से लगाव है, जब मैं पहली बार 30 साल पहले यहां आई थी। हम आपकी अनूठी और विविध संस्कृति, विश्व स्तरीय आकर्षण और लुभावने स्थानों को बाकी दुनिया के साथ साझा करने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।”

जूलिया ने आगे कहा “हम आपकी अनूठी और विविध संस्कृति, विश्व स्तरीय आकर्षण और लुभावने स्थानों को बाकी दुनिया के साथ साझा करने के लिए इंतजार नहीं कर सकते। 71वें मिस वर्ल्ड 130 देशों के चैंपियंस की उपलब्धि को भारत में दिखाएगा। “

भारत को कौन करेगा रिप्रेजेंट: मिस वर्ल्ड करोलिना बिलावस्का अपना ताज ‘मिस वर्ल्ड 2023’ की विनर को पहनाने के लिए बेताब हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में करोलिना ग्रीन गाउन के साथ अपना ताज पहने हुए दिखाई दी थीं। उनके साथ फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2022 सिनी शेट्टी भी मौजूद थीं, जिन्होंने पिंक ड्रेस के साथ क्राउन पहनकर पूरी लाइमलाइट चुरा ली। इस साल सिनी शेट्टी देश को रिप्रेजेंट करेंगी। उन्होंने फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2022 की विनर रह चुकी हैं। फिलहाल, फाइनल कब होगा, इसकी तारीख सामने नहीं आई है।