मार्च में अब तक का दूसरा सर्वाधिक GST संग्रह, बढ़कर 1.60 लाख करोड़ के पार

136

नई दिल्ली। गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) संग्रह मार्च 2023 में सालाना आधार पर 13 फीसदी बढ़कर 1.60 लाख करोड़ रुपये हो गया। जो अब तक का दूसरा सर्वाधिक कर संग्रह है।

वित्त मंत्रालय ने शनिवार को मार्च, 2023 के GST संग्रह आंकड़े जारी करते हुए कहा कि इस महीने में अब तक का सर्वाधिक GST रिटर्न भी जमा किया गया। इसके पहले फरवरी में GST संग्रह 1.49 लाख करोड़ रुपये रहा था जबकि जनवरी में 1.57 लाख करोड़ रुपये का कर संग्रह हुआ था।

GST का सर्वाधिक संग्रह अप्रैल, 2022 में 1.68 लाख करोड़ रुपये का हुआ था। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मार्च, 2023 में कुल GST संग्रह 1,60,122 करोड़ रुपये रहा है। इसमें केंद्रीय जीएसटी (CGST) 29,546 करोड़ रुपये है जबकि राज्य जीएसटी (SGST) संग्रह 37,314 करोड़ रुपये है।

वहीं एकीकृत जीएसटी (IGST) के मद में 82,907 करोड़ रुपये इकट्ठा हुए हैं। इसके साथ 10,355 करोड़ रुपये का उपकर भी शामिल है। वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान GST का कुल संग्रह 18.10 लाख करोड़ रुपये रहा है जो वित्त वर्ष 2021-22 की तुलना में 22 फीसदी अधिक है।

समाप्त वित्त वर्ष में GST का औसत मासिक संग्रह 1.51 लाख करोड़ रुपये रहा है। इस वित्त वर्ष में चार बार मासिक कर संग्रह 1.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है।