भारतीय बंदरगाहों पर आयातित खाद्य तेलों का स्टॉक 8.80 लाख टन के पार

0
10

मुम्बई। बेहतर आयात एवं अपेक्षाकृत कम लिवाली होने से 31 मई 2026 को भारतीय बंदरगाहों पर खाद्य तेलों का कुल स्टॉक बढ़कर 8,82,714 टन पर पहुंच गया जो 15 मई को उपलब्ध स्टॉक 8,16,935 टन से लगभग 8 प्रतिशत अधिक है।

इतना ही नहीं बल्कि 31 मई 2026 का स्टॉक 30 अप्रैल 2026 की तुलना में 11% तथा 31 मई 2025 के मुकाबले 29 प्रतिशत ज्यादा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 15 मई की तुलना में 31 मई को भारतीय बंदरगाहों पर क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का स्टॉक 3,11,523 टन से सुधरकर 3,24,907 टन हो गया।

क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल का स्टॉक 1,76,615 टन से बढ़कर 2,31,550 टन तथा क्रूड सूरजमुखी तेल का स्टॉक 3,03,597 टन से सुधरकर 309705 टन पर पहुंच गया। दूसरी ओर आरबीडी पामोलीन का स्टॉक 17,430 टन से घटकर 11,652 टन तथा अन्य खाद्य तेलों का स्टॉक 7737 टन से गिरकर 4900 टन रह गया।

भारत में इंडोनेशिया, मलेशिया एवं थाईलैंड से पाम तेल, अर्जेन्टीना एवं ब्राजील से सोयाबीन तेल तथा रूस, यूक्रेन एवं अर्जेन्टीना से सूरजमुखी तेल का विशाल आयात होता है। ये सभी आयात समुद्री मार्ग से होते हैं जबकि नेपाल से सीमा सड़क मार्ग से अच्छी मात्रा में खाद्य तेल मंगाया जाता है।

इसकी गणना अलग से होती है क्योंकि न तो इस पर सीमा शुल्क लगता है और न ही बंदरगाहों पर इसकी आवक होती है। उपरोक्त आंकड़ों में नेपाल से आयातित खाद्य तेल का स्टॉक शामिल नहीं है। मई 2026 के दौरान देश में खाद्य तेलों का ज्यादा आयात हुआ जिससे स्टॉक बढ़ गया।