बिना अनुमति विदेश में बैठ कर फाइलें पास करते रहे IAS अंबरीश कुमार

0
9

अब सरकार ने किया एपीओ, जानिए क्यों

जयपुर। राजस्थान के एक सीनियर आईएएस अधिकारी को सरकार ने अचानक पद से हटा दिया। वे 12 जुलाई से सचिवालय स्थित ऑफिस नहीं पहुंच रहे थे। जानकारी मिली है कि वे विदेश पहुंच गए और वहीं से उन्होंने अपने ऑफिस की फाइलें पास कर दी।

जब सरकार के सामने यह जानकारी आई तो सरकार ने उन्हें पद से हटा दिया। शुक्रवार को कार्मिक विभाग ने आदेश जारी करते हुए सीनियर आईएएस अंबरीश कुमार को एपीओ कर दिया। इस संबंध में संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह ने आदेश जारी किए।

मूलरूप से पटियाला पंजाब के रहने वाले अंबरीश कुमार वर्ष 2004 बैच के आईएएस अफसर हैं। नवंबर 2025 में राज्य सरकार ने उन्हें खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग का शासन सचिव बनाया था। 8 महीने तक वे इस पद पर कार्य करते रहे लेकिन जुलाई में अचानक छुट्टी के लिए अप्लाई किया।

अवकाश स्वीकृत हो गया लेकिन सचिवालय में बैठे अफसरों को सूचना मिली कि अंबरीश कुमार विदेश चले गए हैं। बिना अनुमति के विदेश जाने की सूचना सरकार तक पहुंची तो तुरंत एक्शन लेने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कार्मिक विभाग ने आईएएस अंबरीश कुमार को एपीओ करने के आदेश जारी कर दिए।

सीनियर आईएएस अंबरीश कुमार पूर्ववर्ती सरकार के दौरान प्रतिनियुक्ति पर चले गए थे। सरकार की अनुमति के बाद उन्होंने ईशा फाउंडेशन कोयंबटूर में प्रोजेक्ट डायरेक्टर के रूप में कार्य किया। जुलाई 2020 से लेकर सितंबर 2024 तक वे ईशा फाउंडेशन में कार्य करते रहे।

चार साल से ज्यादा समय तक ईशा फाउंडेशन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर रहने के बाद जब वे राजस्थान लौटे तो सरकार ने उन्हें चिकित्सा शिक्षा विभाग में सचिव लगाया। पिछले साल नवंबर में उन्हें खाद्य विभाग में संयुक्त शासन सचिव लगाया लेकिन अब बिना अनुमति विदेश जाने की सूचना मिलने के बाद उन्हें हटा दिया गया।

ईशा फाउंडेशन तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक विश्व प्रसिद्ध योग और ध्यान सेंटर है। यह वेल्लियांगिरी के पहाड़ों के बीचों बीच है जहां ऐसा लगता है कि हम प्रकृति की गोद में आ गए हैं। यह एक योग आश्रम है जिसकी अलग ही दुनिया है। डेढ सौ एकड़ में फैले इस आश्रम में हजारों की संख्या में साधक हैं जो नियमित रूप से ध्यान और अध्यात्म में लीन रहते हैं। यहां के साधकों के दिन की शुरुआत सुबह 4 बजे ही हो जाती है। पूजा पाठ और योग के साथ ध्यान की क्रियाएं देर सुबह तक जारी रहती है। चारों ओर मंत्रों का जाप सुनाई देता है। यहां हर उम्र के लोग आपको नजर आ जाएंगे।

फील्ड जॉब में कम ही रहे अंबरीश कुमार
कई आईएएस जिला कलेक्टर के रूप में कार्य करते हुए लंबे समय तक फील्ड में रहते हैं लेकिन सीनियर आईएएस अंबरीश कुमार का कार्यकाल ज्यादा नहीं रहा। उन्होंने जैसलमेर, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर और पाली में कलेक्टर के रूप में काम किया। जैसलमेर में वे महज 5 महीने कलेक्टर रहे। इसके बाद 6 महीने झुंझुनूं, करीब एक साल तक श्रीगंगानगर और डेढ साल तक पाली कलेक्टर रहे।