बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स 482 अंक फिसल कर 57,983 पर खुला

0
276

मुंबई। शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की बिकवाली के दबाव में लगातार आज पांचवें दिन भी गिरावट जारी है। सेंसेक्स 482 पॉइंट्स नीचे 57,983 पर खुला था। हालांकि पहले ही मिनट में यह 744 अंक टूटकर 57,718 का निचला स्तर बना लिया। फिलहाल 350 पॉइंट्स की गिरावट के साथ 58,115 पर कारोबार कर रहा है।

पेटीएम का शेयर बढ़त में
पेटीएम का शेयर आज पहली बार 5% बढ़त के साथ 1,430 रुपए पर कारोबार कर रहा है। कल यह 1,360 रुपए पर बंद हुआ था। इसका मार्केट कैप 92 हजार करोड़ रुपए है। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 12 शेयर्स बढ़त में हैं। बढ़ने वाले प्रमुख शेयर्स में टाटा स्टील, पावर ग्रिड, बजाज फिनसर्व, मारुति, स्टेट बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक हैं। गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में रिलायंस का शेयर 1% से ज्यादा टूटा है। यह 2,338 रुपए पर कारोबार कर रहा है।इसके अलावा ICICI बैंक और इंफोसिस में करीबन 2-2% की गिरावट है। बजाज ऑटो और टाटा कंसलटेंसी सर्विसेस (TCS) के भी शेयर नीचे कारोबार कर रहे हैं।

मिड और स्माल कैप इंडेक्स बढ़त में
BSE के मिड और स्माल कैप इंडेक्स बढ़त में कारोबार कर रहे हैँ। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 261.30 लाख करोड़ रुपए है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी आज 17,281 पर खुला था। इसने 17,360 का हाई बनाया जबकि 17,216 का निचला स्तर बनाया। अभी यह 57 पॉइंट्स की गिरावट के साथ 17,359 पर कारोबार कर रहा है।

निफ्टी के 50 शेयर्स में से 30 गिरावट में कारोबार कर रहे हैं जबकि 20 बढ़त में हैं। बढ़त वाले शेयर्स में JSW स्टील, ब्रिटानिया, कोल इंडिया और टाटा मोटर्स हैं। गिरने वाले शेयर्स में रिलायंस, ONGC, इंफोसिस और ICICI बैंक हैं। निफ्टी बैंक और फाइनेंशियल इंडेक्स में आज गिरावट है। निफ्टी नेक्स्ट 50 इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।

कल गिरकर बंद हुआ था बाजार
इससे पहले कल बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,170 पॉइंट्स (1.96%) टूट कर 58,465 पर बंद हुआ। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 348 अंक (1.96%) टूट कर 17,416 पर बंद हुआ। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 7.86 लाख करोड़ रुपए घटकर 260.98 लाख करोड़ रुपए रह गया था।