बाजार रिकॉर्ड स्तर से फिसला, सेंसेक्स 39 अंक लुढ़क कर 41,643 पर बंद

0
854

नई दिल्ली। लगातार चार सत्रों में रिकॉर्ड ऊपरी स्तर पर बंद होने के बाद सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज में बिकवाली के कारण सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई का सेंसेक्स 38.88 अंकों की गिरावट के साथ 41,642.66 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 5.65 अंकों की गिरावट के साथ 12,266.15 पर बंद हुआ। इससे पहले के चार सत्रों में सेंसेक्स कुल 742.82 अंक मजबूत हुआ था।

शुक्रवार को सेंसेक्स 7.62 अंकों की तेजी के साथ 41,681.54 के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 12.10 अंकों की तेजी के साथ 12,271.80 के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर बंद हुआ था। दोनों सूचकांकों ने शुक्रवार को नया ऐतिहासिक ऊपरी स्तर भी बनाया था।

मारुति रहा सेंसेक्स का टॉप परफॉर्मर
सेंसेक्स में मारुति सुजुकी में सर्वाधिक 1.42 फीसदी तेजी रही। हीरो मोटोकॉर्प और एचडीएफसी में भी एक फीसदी से अधिक तेजी रही। दूसरी ओर नेस्ले इंडिया में सर्वाधिक 2.20 फीसदी गिरावट रही। नेस्ले सोमवार को ही सेंसेक्स में शामिल हुआ है। रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक और टेक महिंद्रा भी एक फीसदी से ज्यादा लुढ़के।

सऊदी अरैमको को हिस्सेदारी बेचने की रिलायंस इंडस्ट्रीज की योजना पर रोक लगाने के लिए सरकार ने पिछले सप्ताह कंपनी पर मुकदमा कर दिया है। रिलायंस अपने तेल एवं रसायन कारोबार की 20 फीसदी हिस्सेदारी 15 अरब डॉलर में सऊदी अरैमको को बेचना चाहती है। लेकिन पन्ना-मुक्ता और ताप्ती तेल एवं गैस फील्ड में 3.5 अरब डॉलर के बकाए को देखते हुए सरकार ने रिलायंस की हिस्सेदारी बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है।

ऊर्जा शेयरों में सर्वाधिक बिक्री
बीएसई में ऊर्जा सेक्टर में सर्वाधिक 1.33 फीसदी गिरावट रही। दूसरी ओर ऑटो सेक्टर में सर्वाधिक 0.50 फीदसी तेजी रही। बीएसई के मिडकैप इंडेक्स में 0.09 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.07 फीसदी गिरावट रही।