अमिताभ नहीं लेने जा पाएंगे दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड, जानिए क्यों

1035

मुंबई। अमिताभ बच्चन को सोमवार को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार प्राप्त करने नहीं जायेंगे।दरअसल बिग बी ने खुद इस बात की जानकारी ट्वीट कर दी है। 66वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू उन्हें इस अवॉर्ड को देने वाले थे। बिग बी ने लिखा, ‘बुखार के कारण अस्वस्थ्य हूं ..! यात्रा की अनुमति नहीं है। इसीलिए कल दिल्ली में राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में भाग नहीं ले सकूंगा। दुर्भाग्यपूर्ण, मुझे पछतावा है।’

बिग बी के इस ट्वीट के बाद सभी उनकी तबीयत जल्दी ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं। इस साल अगस्त में पुरस्कारों की घोषणा की गई थी। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के लिए फीचर फिल्म श्रेणी के अध्यक्ष राहुल रवैल, गैर-फीचर फिल्म श्रेणी के अध्यक्ष एएस कनाल और सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ लेखन के अध्यक्ष उत्पल बोरपुजारी की अध्यक्षता वाली जूरी ने गुजराती फिल्म ‘हेलारो’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के पुरस्कार के लिए चुना था। ‘बधाई हो’ फिल्म को पूर्ण मनोरंजन के लिए सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार के लिए चुना गया था।

हिंदी फिल्म ‘पैडमैन’ को सामाजिक मुद्दों पर बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म घोषित किया गया। आदित्य धर को ‘उरी: सर्जिकल स्ट्राइक’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला जबकि आयुष्मान खुराना और विक्की कौशल को ‘अंधाधुन’ तथा ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ में अपने प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया जाएगा।