धार्मिक, राजनीतिक एवं सामाजिक संस्थाओं का मिला व्यापक समर्थन
कोटा। बधाई के नाम पर शहर में आमजन से होने वाली मनमानी राशि की वसूली और अनुचित दबाव को समाप्त करने के लिए चलाए जा रहे अभियान को अभूतपूर्व सफलता मिल रही है।
सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के मुख्य संयोजक अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल, महामंत्री राजाराम जैन कर्मयोगी के संयोजन में शुरू की गई इस जनहितकारी मुहिम के समर्थन में शहर की प्रमुख सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक संस्थाएं खुलकर सामने आ चुकी हैं।
महासंघ के मुख्य संयोजक अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने रविवार को पत्रकारों को बताया की 12 मई को नदी पार क्षेत्र में किन्नर प्रमुख इंदुबाई के आवास पर एक महत्वपूर्ण वार्ता आयोजित की गई थी। इस बैठक में क्षेत्रीय किन्नर प्रमुख ताराबाई, ममता बाई, शेफाली, रीना खान एवं नैना देवी की सहमति से बधाई राशि की सीमा तय की गई थी।
इसके तहत संपन्न वर्ग से विवाह, जन्मोत्सव एवं गृह प्रवेश पर न्यूनतम 5,100 रुपए और अधिकतम 11,000 रुपए तथा सामान्य व मध्यम वर्ग से न्यूनतम 1,100 रुपए से अधिकतम 5,100 रुपए की सीमा तय की गई थी। बधाई माँगने का समय प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक नियत किया गया था। भुगतान में पारदर्शिता के लिए ऑनलाइन माध्यम को प्राथमिकता देने की बात कही गई। किसी प्रकार की ज़बरदस्ती या अनैतिक दबाव पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
महासंघ के महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी रावण सरकार’ ने बताया कि पूर्व सहमति के बावजूद शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आम नागरिकों के उत्पीड़न की शिकायतें मिल रही हैं। महासंघ के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 98293-28525 पर नागरिकों द्वारा साक्ष्य सहित अनेक शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, जिनमें ज़बरदस्ती वसूली की बात सामने आई है।
मनमानी वसूली करने वाले किन्नरों को चेतावनी
महासंघ का स्पष्ट मानना है कि भय या दबाव में दी गई बधाई सामाजिक व्यवस्था और कानून के विरुद्ध है। अतः किन्नर समूह सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखे, अन्यथा प्राप्त शिकायतों को आधार बनाकर संबंधितों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
महासंघ के विधि सलाहकार के माध्यम से कोटा शहर के सभी किन्नर समूह को सूचना पत्र जारी किया जाएगा ,जिसमें कौन से किन्नर प्रमुख का क्षेत्राधिकार कौन-कौन सा है, उनके साथ में कितने किन्नर कार्यरत हैं, कौन से किन्नर प्रमुख के माध्यम से क्षेत्राधिकार निर्धारित किया गया एवं कब किया गया।
किन्नरों के लिए आइडेंटी कार्ड जरूरी
किसी भी परिवार में जाने वाले किन्नर समूह को अपने समूह के प्रमुख के साथ स्वयं आइडेंटी कार्ड फोटो सहित बताना होगा ,इन सभी आशय की जानकारी किन्नर प्रमुख से ली जाएगी, क्योंकि नकली किन्नर की भी शिकायत शहर के विभिन्न क्षेत्रों से मिल रही है कौन असली है और कौन नकली है इसकी जानकारी कैसे की जाए, इन सब बातों पर किन्नर समूह के साथ बैठकर विचार विमर्श कर निष्कर्ष निकाला जाएगा।
इनका मिला समर्थन
महासंघ के इस निर्णय को ब्रह्म मूर्ति मोजी बाबा लोक कल्याण ट्रस्ट महामंडलेश्वर डॉ. हेमा सरस्वती, कुलम शक्ति पीठ पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर माताजी नीति अंबा, विधायक संदीप शर्मा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता. कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन, सचिव अशोक माहेश्वरी, औद्योगिक संगठन दी एसएसआई के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद राम मित्तल, निवर्तमान महापौर राजीव भारती, द कोटा डिवीजन एम्प्लायज एसोसिएशन, अखिल राजस्थान गुजराती समाज के अध्यक्ष जीडी पटेल, अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष साधना सिंह चौहान, राजस्थान ओबीसी विकास मंच के अध्यक्ष रामकुमार मेहता, राष्ट्रीय करणी सेना कोटा संभाग अध्यक्ष महिपाल सिंह हाडा, राजस्थान पुजारी सेवक महासंघ, श्री मैथिली ब्राह्मण समाज संस्था कोटा, शॉपिंग सेंटर व्यापार संघ, शॉपिंग सेंटर विकास समिति, अग्रवाल हितकारी समिति रेलवे कॉलोनी, श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्री संघ, पतंजलि योग समिति, आर्य उप प्रतिनिधि सभा कोटा संभाग, इंदिरा कॉलोनी विकास समिति, श्री जी नगर समाज पंचायत सोसाइटी कोटा, मानव सेवा समिति ,मातेश्वरी समाज सेवा संस्थान अखिल भारतीय अग्रवाल सेवा उत्थान समिति, सहित अन्य कई धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षक संस्थाओं का समर्थन महासंघ को मिल चुका है।

