बड़े मथुराधीश मंदिर पर रथ यात्रा आज, रथ में सवार होकर विहार करेंगे भगवान

0
89

ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार होगा, आम के व्यंजनों का लगेगा भोग

कोटा। शुद्धाद्वैत प्रथम पीठ श्री बड़े मथुराधीश मंदिर पाटनपोल पर रथयात्रा महोत्सव बुधवार को मनाया जाएगा। वल्लभ संप्रदाय की प्रथम पीठ युवराज गोस्वामी मिलन कुमार बावा ने बताया कि मान्यता के अनुसार भगवान कृष्ण बड़े भाई बलराम और सुभद्रा के साथ रथ में विराजमान होकर भ्रमण करते हैं। उसी परंपरा के अनुसार पुष्टिमार्ग संप्रदाय के सभी मंदिरों में रथयात्रा का मनोरथ होगा।

श्री बड़े मथुरेश मंदिर पर प्रातः 6 बजे मंगला के दर्शन होंगे। भक्त पूर्वाह्न 11 बजे रथयात्रा उत्सव के दर्शन कर सकेंगे। इस दौरान ठाकुर जी को रथ में पधराया जाएगा। उसके बाद ठाकुर जी चारों दिशाओं में विहार करते हुए तिबारी के चौक तक आएंगे और ढोल तिबारी में विराजेंगे। भक्तों को दर्शन देने के बाद फिर से ठाकुर जी सिंहासन पर विराजमान होंगे।

युवराज गोस्वामी मिलन कुमार बाबा ने बताया कि ठाकुर जी का रथयात्रा महोत्सव के तहत विशेष श्रृंगार किया जाएगा। उन्हें सुंदर वस्त्र धारण कराए जाएंगे तथा श्री विग्रह होगा। इस दौरान ठाकुर जी को आम से बने व्यंजन और जामुन का भोग लगाया जाएगा। प्रबंधक चेतन सेठ और मोनू व्यास ने बताया कि ठाकुर जी के विहार के लिए कोटा में प्राचीन रथ विद्यमान है। जिस पर ठाकुर जी विराजते हैं। इसमें लकड़ी से दो घोड़े भी बने हैं।