कोटा। किन्नर समाज ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और मानवीय चेहरे का परिचय दिया है। हाल ही में कोटा के जेकेलोन अस्पताल में हुई चार प्रसूताओं की दुखद मृत्यु से पूरा शहर स्तब्ध और गमगीन है।
इस शोक की घड़ी में पीड़ितों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए किन्नर समाज ने आगामी 17 मई को आयोजित होने वाले अपने भव्य ‘नागरिक अभिनंदन’ समारोह को अनुकूल समय तक के लिए स्थगित करने का बड़ा निर्णय लिया है।
यह भी पढ़िए– नहीं चलेगी किन्नरों की मनमानी–
सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के मुख्य संयोजक एवं अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल द्वारा किन्नर समाज की बधाई राशि और समय निश्चित किए जाने की मांग को स्वीकार कर लिया गया था।
इसी खुशी में महासंघ द्वारा 17 मई को किन्नर समाज का नागरिक अभिनंदन किया जाना तय हुआ था। परंतु, शहर के मौजूदा दुखद माहौल को देखते हुए किन्नर समाज ने इस उत्सव को आगे बढ़ाने का आग्रह किया है।
दुख की घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़ा है किन्नर समाज
महासंघ के महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने बताया कि गुमानपुरा क्षेत्र प्रमुख और कोटा जिला ट्रांसजेंडर प्रतिनिधि मंगलमुखी नैना देवी किन्नर ने इस निर्णय पर अपनी बात रखी। नैना देवी ने भावुक होते हुए कहा कि किन्नर समाज नवजात बच्चों के जन्म पर बधाई गाकर और दुआएं देकर ही अपना पेट पालता है। जब शहर की चार माताओं की असमय मृत्यु से पूरा कोटा गमगीन है, तो ऐसे माहौल में हमारे लिए किसी भी तरह का उत्सव या अभिनंदन स्वीकार करना संभव नहीं है। यह समय जश्न का नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों के आंसू पोंछने का है।
पीड़ित परिवारों को दी नकद सहायता
अपनी इसी मानवीय संवेदना को आगे बढ़ाते हुए मंगलमुखी नैना देवी किन्नर तुरंत अनंतपुरा क्रेशर बस्ती स्थित मृतक प्रसूता ज्योति नायक के निवास स्थान पर पहुँचीं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और ज्योति नायक के पति रवि नायक को संबल प्रदान करते हुए 5000 रुपए की नगद सहायता राशि सौंपी। इस दौरान उन्होंने माँ को खो चुके नवजात शिशु हेमंत को अपनी गोद में लिया और भावुक होकर उसे दीर्घायु एवं चिरायु होने का आशीर्वाद दिया। महासंघ के महामंत्री राजाराम जैन ने जानकारी दी कि किन्नर समाज द्वारा केवल ज्योति नायक के परिवार को ही नहीं, बल्कि अस्पताल में जान गंवाने वाली शेष अन्य तीन मृतक प्रसूताओं के परिजनों को भी 5000- 5000 रुपए की आर्थिक सहायता राशि जल्द ही प्रदान की जाएगी।
भविष्य में तय होगी अभिनंदन की तारीख
राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने बताया कि मंगलमुखी नैना देवी किन्नर को भारत निर्वाचन आयोग और राजस्थान सरकार के आदेशानुसार जिला कलेक्टर (कोटा) द्वारा आधिकारिक तौर पर ‘कोटा जिला ट्रांसजेंडर प्रतिनिधि’ भी नियुक्त किया गया है। उनके इस सामाजिक सरोकार की शहर भर में सराहना हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान शोक का समय बीत जाने के बाद, आगामी अनुकूल समय को देखकर कोटा किन्नर समाज के नागरिक अभिनंदन की नई तारीख की घोषणा की जाएगी।

