प्रकृति प्रेमियों ने तय किया गरडिया महादेव से रामगढ़ टाइगर रिजर्व तक का सफर

0
10

कोटा/बूंदी। हाड़ौती क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और अनूठे प्राकृतिक सौंदर्य को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से चैप्टर हाड़ौती और पगमार्क फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य कार रैली का आयोजन किया गया।

इस अनूठी पहल का मुख्य उद्देश्य हाड़ौती की ऐतिहासिक विरासत और जैव विविधता को अधिक से अधिक पर्यटकों तक पहुंचाना है। इस विशेष रैली में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से प्रकृति प्रेमी और पर्यटक विशेष तौर पर मुकुंदरा और रामगढ़ की सुंदरता को निहारने पहुंचे, जिससे इस आयोजन का दायरा राष्ट्रीय स्तर पर फैल गया। रैली को मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के उप वन संरक्षक मुथू एस. ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुकुंदरा के गरडिया महादेव से हुई शुरुआत
कार्यक्रम संयोजक एवं चैप्टर हाड़ौती के संस्थापक बृजराज सिंह हाड़ा और प्रदीप सिंह हाड़ा ने बताया कि यह कार रैली मुकुंदरा के ऐतिहासिक स्थल गरडिया महादेव से आरंभ होकर जवाहर सागर डैम के मनमोहक रास्तों से होते हुए रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व, बूंदी तक पहुंची। इस रूट के जरिए विभिन्न राज्यों से आए पर्यटकों ने हाड़ौती के वन्यजीव और भौगोलिक विविधता का अनूठा अनुभव किया।

पर्यटन विकास को मिलेंगी नई ऊंचाइयां
पगमार्क फाउंडेशन के अध्यक्ष देवव्रत सिंह हाड़ा ने इस अवसर पर कहा कि प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में वन्यजीव पर्यटन के विकास की असीम संभावनाएं हैं। ‘मुकुंदरा कॉलिंग’ के इस विशेष अभियान और अन्य राज्यों से आए सैलानियों की सहभागिता से क्षेत्र के पर्यटन को चार चांद लग जाएंगे और यह राष्ट्रीय मानचित्र पर एक प्रमुख इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में उभरेगा।

पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं
मुकुंदरा हिल्स टाईगर रिजर्व के उप वन संरक्षक मुथू एस ने कहा कि हाड़ौती क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व अपनी प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहर और समृद्ध जैव विविधता के लिए देश भर में एक विशिष्ट पहचान रखता है।

टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कटिबद्ध
यह बेहद खुशी की बात है कि यहाँ के जंगलों और वन्यजीवों को देखने के लिए देश के अलग-अलग राज्यों से पर्यटक पहुँचे हैं। इस तरह के आयोजनों से न केवल आम जनता में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ती है, बल्कि स्थानीय पर्यटन को भी अभूतपूर्व बढ़ावा मिलता है। वन विभाग पर्यावरण संतुलन को बनाए रखते हुए क्षेत्र में जिम्मेदार और टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। इस दौरान हाड़ौती चैप्टर के अभिमन्यु सिंह चौहान, कपिल वर्मा, चन्द्रादित्य सिंह हाड़ा, अक्षय सिंह खींची, अभिमन्यु टोंक लक्की पंवार मौजूद रहे।