निवेशकों की मुनाफावसूली जारी रहने से सेंसेक्स 272 अंक टूट कर 51,051 पर

438

मुंबई। शेयर बाजारों में शुक्रवार को लगातार चौथे दिन गिरावट है। निवेशकों की मुनाफावसूली जारी रहने से BSE सेंसेक्स 272 अंकों की गिरावट के साथ 51,051.90 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में पावर ग्रिड के शेयर में सबसे ज्यादा 3% की गिरावट है। हालांकि, ओवरऑल गिरावट में बैंकिंग और ऑटो शेयर सबसे आगे हैं। एक्सचेंज पर ऑटो इंडेक्स, बैंक इंडेक्स और मेटल इंडेक्स में 1-1% से ज्यादा की गिरावट है। निफ्टी भी 84 अंक नीचे 15,034.80 पर कारोबार कर रहा है। सबुह 9:15 AM बजे सेंसेक्स 86.67 अंक नीचे 51,238.02 पर और निफ्टी भी 44.15 अंकों की गिरावट के साथ 15,074.80 पर खुला।

एक्सचेंज पर 2,116 शेयरों में कारोबार कर रहा है। इसमें 958 शेयर बढ़त और 1,068 गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी घटकर 205.47 लाख करोड़ रुपए हो गया है। यह 18 फरवरी को 205.93 लाख करोड़ रुपए था।

ग्लोबल मार्केट में बिकवाली
दुनियाभर के शेयर बाजारों में शुक्रवार को भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। जापान का निक्केई इंडेक्स 347 अंकों की गिरावट के साथ 29,888 पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हॉन्गकॉन्ग के हेंगसेंग, ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डिनरीज, कोरिया के कोस्पी और चीन के शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में भी 1-1% की गिरावट है। इससे पहले गुरुवार को अमेरिका का डाओ जोंस इंडेक्स 119 अंक, नैस्डैक इंडेक्स 100 अंक और S&P 500 इंडेक्स 17 अंक नीचे बंद हुए थे। यूरोप में ब्रिटेन का FTSE इंडेक्स 1.40% नीचे बंद हुआ था।

बाजार में गुरुवार को भी मुनाफावसूली रही
शेयर बाजार में गुरुवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 379.14 अंकों की गिरावट के साथ 51,324.69 पर और निफ्टी 89.95 अंक नीचे 15,118.95 पर बंद हुआ था। NSE के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 903.07 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 1,217.34 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।