निर्यात 6.05 प्रतिशत घटकर 26.13 अरब डॉलर रहा

653

नई दिल्ली। अमेरिका और यूरोप के बाजारों में मांग घटने से पिछले महीने भारतीय निर्यात 6.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 26.13 अरब डॉलर रह गया। इससे पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह आंकडा 27.81 अरब डॉलर था। शुक्रवार को जारी सरकारी आंकड़ों में कहा गया है कि चालू वित्त वर्ष में अगस्त तक निर्यात 1.53 घटकर 133.54 अरब डॉलर रह गया, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 135.62 अरब डॉलर का निर्यात किया था।

अगस्त 2019 में कुल आयात 13.45 प्रतिशत घटकर 39.58 अरब डॉलर दर्ज किया गया, जबकि अगस्त 2018 में यह आंकडा 45.73 अरब डॉलर था। चालू वित्त वर्ष में अगस्त 2019 तक कुल आयात 5.68 प्रतिशत गिरकर 206.39 डॉलर रह गया है। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि (अप्रैल-अगस्त 2018) में कुल आयात 218.81 अरब डॉलर रहा था।

सेवा और माल के कुल निर्यात में बढ़ोतरी
आंकडों के अनुसार अप्रैल से अगस्त 2019 में सेवा और माल का कुल निर्यात अनुमानित 3.20 प्रतिशत वृद्धि के साथ 227.36 अरब डॉलर हो गया है। इसी अवधि में कुल आयात 1.18 प्रतिशत घटकर 268.24 अरब डॉलर रह गया।

व्यापार घाटा 13.45 अरब डॉलर पर आया
आंकड़ों में कहा गया है कि अगस्त 2019 में व्यापार घाटा घटकर 13.45 अरब डॉलर रह गया है। अगस्त 2018 में यह आंकडा 17.92 अरब डॉलर था। चालू वित्त वर्ष में अभी तक कुल व्यापार घाटा 40.89 अरब डॉलर रहा है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में इसी अवधि तक व्यापार घाटा 51.13 अरब डॉलर रहा था।