निजी अस्पतालों के डॉक्टर्स की हड़ताल खत्म, आज से काम पर लौटेंगे

76

राइट टू हेल्थ बिल सरकारी अनुदान लेने वाले निजी अस्पतालों पर लागू ही होगा

जयपुर। निजी अस्पतालों के डॉक्टर्स की हड़ताल खत्म हो गई है। आज से डॉक्टर्स काम पर लौटेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार निजी अस्पतालों के डॉक्टर्स और सरकार के बीच चल रही तकरार 16 दिन के बाद सहमति हो गई है। बस अब हड़ताल खत्म करने की औपचारिक घोषणा बाकी है।

राइट टू हेल्थ बिल अब निजी अस्पतालों पर लागू नहीं किया जाएगा। यह बिल उन अस्पतालों पर लागू होगा, जिन्होंने सरकारी अनुदान लिया होगा। बिल सरकारी और सरकार के अनुदान प्राप्त अस्पतालों पर लागू करने के फॉर्मूले पर सहमति बन गई है।

देर रात सरकार के अधिकारियों ने डॉक्टर्स की मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाई। मुख्यमंत्री गहलोत की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद रात तीन बजे के आसपास डॉक्टर्स के प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा की गई, जिसमें इस गतिरोध का हल निकलता नजर आ रहा है।

पिछले 16 दिन से सरकार और निजी डॉक्टर्स के बीच चल रहा गतिरोध अब समाप्त होने जा रहा है। राइट टू हेल्थ पर निजी डॉक्टर्स के विरोध और कार्य बहिष्कार के चलते राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं पर खासा असर पड़ा है।

आज जुटेंगे प्रदेशभर के डॉक्टर
डॉक्टर्स की आज महारैली है, जिसमें पूरे प्रदेश से डॉक्टर्स जयपुर में एकत्र होंगे। डॉक्टर्स संघर्ष समिति के पदाधिकारी डॉक्टर्स को इस नई व्यवस्था से अवगत करवाएंगे और सहमति के बाद ही कोई आधिकारिक बयान डॉक्टर्स की ओर से दिया जाएगा, जिसके बाद हड़ताल समाप्त हो सकती है।