नववर्ष की पूर्व संध्या पर भगवा हुआ शहर, 12 स्थानों से निकली भगवा रैली

145

एक हजार तोरण द्वारों से सजा मार्ग, पुष्प वर्षा से हुआ अभिनंदन

कोटा। नववर्ष उत्सव आयोजन समिति कोटा के तत्वावधान में नवसंवत्सर 2080 और युगाब्द 5125 की पूर्व संध्या पर मंगलवार को 12 स्थानों से निकली भगवा रैली निकाली गई।

रैलियां खड़े गणेश जी, अनंतपुरा, मंशापूर्ण हनुमान मंदिर संजय नगर, तीन बत्ती चौराहा, स्वर्ण रजत मार्केट, डीसीएम चौराहा, प्रचंड बालाजी मंदिर, सोगरिया, रघुनाथ मंदिर, बूंदी रोड, नाग नागिन मंदिर और मानपुरा से अलग-अलग रवाना होकर छावनी पहुंची। छावनी में संगम करते हुए कोटडी चौराहा, गुमानपुरा, गीता भवन होते हुए बारादरी पर संपन्न हुई।

रैली में कार्यकर्ता एक हाथ में तिरंगा झंडा और दूसरे हाथ में सनातनी भगवा पताका लेकर जुटे थे। सिर पर भगवा पगड़ी और हाथ केसरिया झंडा लेकर चल रहें थे। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ के जोशीले नारे और ‘वंदेमातरम्’ के उदघोष से आसमान गूंज उठा।

रैली में भारत माता की सजीव झांकी सजाई गई थी। जिसके सामने पुष्प अर्पित करने वालों की होड़ लगी रही। इस दौरान डॉ. हेडगेवार, वीर सावरकर, डॉ. अंबेडकर, भगत सिंह, चंद्र शेखर आजाद, झांसी की रानी, मंगल पांडे, जोरावर सिंह जैसे महापुरुषों के चित्रों से सजे रथ साथ चल रहे थे। वहीं बग्घी में सवार साधु संन्त और सजीव झांकियां चल रही थी।

वहीं राष्ट्रभक्ति और अध्यात्मिक गीतों की मधुर स्वर लहरियां बिखरते डीजे चल रहे थे। जिन पर “मोहे चढ़ गया भगवा रंग… ये रामलला का देश है… मैं हिंदू जगाने आया हूँ… देश का बल, बजरंग दल… ” सरीखे कर्णप्रिय गीतों से माहौल में देशभक्ति रंग घुल रहा था।

आसमान से पुष्प वर्षा : रैली मार्ग को 1 हजार तोरण द्वारों, भगवा पताकाओं, झालर और पुष्पों से सजाया गया था। रास्ते में रैली को देखने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ जुटी थी। आसमान से पुष्प वर्षा हो रही थी। जिसकी महक चारों ओर बिखर रही थी। मार्ग में विभिन्न समाजों की ओर से तोरण द्वार लगाकर स्वागत किया गया। विभिन्न स्थानों पर पानी, अल्पाहार, छाछ की भी व्यवस्था की गई थीं। वहीं भगवा पगड़ी पहने और अरुण पताकाएं लिए युवक युवतियाँ नारेबाजी करते हुए दो पहिया वाहनों से चल रहे थे।

इससेे पहले विवेकानन्द नगर की भगवा रैली अनन्तपुरा चौराहे से प्रारम्भ होकर घटोत्कच चौराहा पर आई। यहां गणेश नगर की रैली खड़े गणेश जी से प्रारम्भ होकर घटोत्कच चौराहे पर मिली। दोनों रैली संयुक्त होकर केशवपुरा चौराहे पर पहुंची। जहां चाणक्य नगर की रैली श्रीमंशापूर्ण हनुमान मन्दिर संजय गाँधी नगर से प्रारम्भ होकर केशवपुरा चौराहे पर मिली।

इसी प्रकार प्रताप नगर की रैली तीन बत्ती सर्किल से प्रारंभ होकर दादाबाडी चौराहा होते हुए सीएडी सर्किल पर पहुंचकर रैली में विलीन हुई। यहां से रैली घोडे वाले बाबा चौराहा पहुंची। वहाँ पर विश्वकर्मा नगर की रैली डीसीएम चौराहे से प्रारम्भ होकर कंसुआ चौराहा, एरोड्रम अन्डरपास को पार करते हुए घोडे वाले बाबा चौराहा पर रैली में विलीन हुई। यहां से शोपिंग सेन्टर, चौपाटी होते हुए छावनी पहुंचने पर दीनदयाल नगर की रैली स्वर्ण रजत मार्केट से प्रारम्भ होकर कैथूनीपोल होते हुए छावनी में मिली।

सूरज नगर की रैली गोरधनपुरा हनुमान मन्दिर से प्रारम्भ होकर छावनी चौराहे पर आई। वहीं सम्भाजी नगर की रैली प्रंचड बालाजी गौशाला से प्रारम्भ होकर रंगपुर पुलिया पर पहुंची। वहाँ पर तानाजी नगर की रैली शिव मन्दिर रेलवे कालोनी से प्रारम्भ होकर रंगपुर रेलवे पुलिया पर मिली। जो कि भीमगंजमण्डी थाने पर पहुंची। सभी रैली छावनी से बारहदरी पहुंची।