धरणीधर जयंती पर कोटा में धाकड़ समाज ने निकाली वाहन रैली एवं शोभायात्रा

0
6

कोटा। आराध्य देव हलधर भगवान श्री धरणीधर के पावन जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार को धाकड़ समाज द्वारा भव्य एवं ऐतिहासिक शक्तिप्रदर्शन किया गया। जयंती समारोह के तहत समाज के सभी अग्रिम संगठनों के तत्वावधान में विशाल वाहन रैली, भव्य शोभायात्रा तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ

कार्यक्रम का शुभारंभ सीएडी चौराहे से समाज के युवाओं द्वारा निकाली गई विशाल दुपहिया एवं चौपहिया वाहन रैली से हुआ। युवाओं में भारी उत्साह देखा गया, जो गले में भगवान धरणीधर के दुपट्टे डाले जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। तत्पश्चात, दण्डवीर हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलश एवं शोभायात्रा की शुरुआत हुई।

शोभायात्रा में महिलाएँ सिर पर कलश धारण कर सम्मिलित हुईं। शोभायात्रा के आगे-आगे घुड़सवार चल रहे थे। यात्रा में कुल 11 आकर्षक झांकियाँ शामिल थीं। जिनमें भगवान शिव की वेशभूषा में नृत्य करते कलाकारों की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही।

यह शोभायात्रा दण्डवीर हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर घटोत्कच्छ चौराहा और रंगबाड़ी होते हुए धरणीधर गार्डन पहुँची। पूरे यात्रा मार्ग पर स्वागत द्वार लगाकर तथा पुष्प वर्षा कर समाजजनों द्वारा जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। बैंड-बाजे एवं डीजे की मधुर धुनों पर युवा और महिलाएँ थिरकते नज़र आए। धरणीधर गार्डन पहुँचकर यात्रा का समापन हुआ। जहाँ सभी झांकियों की पूजा-अर्चना कर महाआरती की गई। आरती के बाद शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं।

इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि धाकड़ समाज देश की कृषि संस्कृति का संवाहक और भारत की अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ है। उन्होंने बदलती जलवायु और बढ़ती लागत के दौर में समाज से ‘आधुनिक खेती’, वैज्ञानिक तकनीक, बूंद-बूंद सिंचाई और सौर ऊर्जा (पीएम-कुसुम योजना) अपनाने का आह्वान किया।

मंत्री नागर ने आश्वस्त किया कि सरकार हर खेत तक निर्बाध बिजली पहुँचाने तथा किसानों को ‘ऊर्जादाता’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिक्षित युवाओं से कृषि क्षेत्र में एग्री-स्टार्टअप और ड्रोन तकनीक के ज़रिए नए आयाम स्थापित करने की अपील की।