दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शेयर्ड-26 का आयोजन 18–19 जुलाई को

0
7

कोटा। अकलंक कॉलेज, बसंत विहार में 18 एवं 19 जुलाई को मरयम अवाचा अमेरिकन यूनिवर्सिटी ऑफ नाइजीरिया के सहयोग से दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘शेयर्ड-26’ का आयोजन किया जाएगा।

शेयर्ड (SHARESD) का पूर्ण नाम साइंस, ह्यूमैनिटीज़, एप्लाइड रिसर्च एंड इंजीनियरिंग फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट है। सम्मेलन का उद्देश्य विज्ञान, मानविकी, अनुप्रयुक्त अनुसंधान और इंजीनियरिंग के क्षेत्रों को एक साझा मंच पर लाकर सतत विकास के लिए नवीन शोध, नवाचार और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना है।

अकलंक विद्यालय एसोसिएशन के अध्यक्ष पीयूष बज तथा सचिव अनिमेष जैन ने बताया कि सम्मेलन में क्षेत्रीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के शिक्षाविद, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, उद्योग विशेषज्ञ, उद्यमी तथा विद्यार्थी भाग लेंगे।

इस दौरान प्रतिभागी अपने शोध-पत्र प्रस्तुत करेंगे तथा शोध आधारित पोस्टर प्रेजेंटेशन के माध्यम से नवीन अनुसंधान और नवाचारों का प्रदर्शन भी करेंगे। विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ समकालीन वैश्विक चुनौतियों और सतत विकास से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।

बज एवं जैन ने बताया कि सम्मेलन का आयोजन हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) में किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के प्रतिभागी आसानी से इससे जुड़ सकेंगे। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज्ञान के आदान-प्रदान और शैक्षणिक सहयोग को भी नई गति मिलेगी।

सम्मेलन के दौरान शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान, प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं एवं विशेषज्ञों को एक्सीलेंस अवॉर्ड्स से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही व्यवसाय, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और मानविकी के विभिन्न आयामों पर विशेषज्ञों के बीच व्यापक विमर्श होगा।