देश की जीडीपी की एक चौथाई संपत्ति 831 लोगों के पास, अंबानी शीर्ष पर

1517

मुंबई। ऐसे समय में जब देश में अमीर- गरीब के बीच खाई पाटने को लेकर नीति निर्माता माथापच्ची कर रहे हैं, एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि एक हजार करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति रखने वाले अमीरों की संख्या 34 प्रतिशत बढ़ गयी है जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी सबसे ऊपर हैं।

मंगलवार को जारी बार्कलेज-हुरुन इंडिया की अमीरों की सूची के अनुसार, एक हजार करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति वाले लोगों की संख्या 2018 में 831 पर पहुंच गयी। अमीरों की यह संख्या 2017 के अमीरों की तुलना में 214 अधिक है।

आईएमएफ की अप्रैल 2018 में जारी आंकड़ों के हवाले से इसमें कहा गया है कि इन लोगों की नेटवर्थ 719 अरब डालर है जो कि देश की देश के 2,850 अरब डॉलर के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का एक चौथाई है। मुकेश अंबानी इस सूची में सबसे शीर्ष पर हैं।

सूची में सबसे अधिक 233 अमीर मुंबई से हैं। मुंबई में जहां सबसे ज्यादा झुग्गी बस्तियां हैं वहीं अंबानी के अंटालिया जैसे आलीशान बंगले भी हैं। दिल्ली एनसीआर से सूची में 163 तथा बेंगलुरू से 70 अमीर शामिल हैं।

हुरुन इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य शोधार्थी अनस रहमान जुनैद ने कहा कि अमीरों की सूची में शामिल होने वाले नये लोगों की संख्या के आधार पर भारत सबसे तेजी से वृद्धि करता हुआ देश है। पिछले दो साल में यहां 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति वाले धनाढ्यों की संख्या करीब दोगुनी होकर 339 से बढ़कर 831 तक पहुंच गई।

ओयो रूम्स के 24 वर्षीय ऋषभ अग्रवाल सूची में शामिल सबसे युवा अमीर हैं जबकि एमडीएच मसाला के 95 वर्षीय धरमपाल गुलाटी सबसे बुजुर्ग। सूची में शामिल महिलाओं की संख्या भी 157 प्रतिशत बढ़कर 136 पर पहुंच गयी है।

टॉप 10 अमीरों की लिस्ट
1. मुकेश अंबानी, आरआईएल        3,71,000 करोड़ रु
2. एसपी हिंदुजा फैमिली                1,59,000 करोड़ रु
3. लक्ष्मी निवास मित्तल              1,14,500 करोड़ रु
4.अजीम प्रेमजी, विप्रो                    96,100 करोड़ रु
5.दिलीप सांघवी, सन फार्मा            89,700 करोड़ रु
6. उदय कोटक, कोटक महिंद्रा        78,600 करोड़ रु
7. साइरस पूनावाला, सेरम इंस्टी.    73,000 करोड़ रु
8.गौतम अडानी, अडानी ग्रुप            71,200 करोड़ रु
9. साइरस पी. मिस्त्री                       69,400 करोड़ रु

एक साल में 34 फीसदी बढ़ी अमीरों की संख्या
बार्कलेज-हुरून इंडिया की रिच लिस्ट के मुताबिक, देश के अमीरों की कुल संख्या में 34 फीसदी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। इन अमीरों की संख्या 2018 में बढ़कर 831 हो गई है, जबकि 2017 में यह संख्या 617 थी। ये ऐसे अमीर हैं, जिनकी कुल नेटवर्थ 1,000 करोड़ रुपए या उससे ज्यादा है।

दो साल में दोगुने हुए अमीर
हुरुन इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर रहमान जुनैद ने कहा कि इन 831 अमीरों की कुल नेटवर्थ 719 अरब डॉलर है, जो देश के कुल 2.85 लाख करोड़ डॉलर के जीडीपी का कुल एक चौथाई है। उन्होंने कहा, ‘बीते दो साल में 1,000 करोड़ रुपए से ज्यादा वैल्थ वाले अमीरों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। 2016 में यह संख्या 339 थी, जो अब बढ़कर 831 हो गई है।’