डिनर के बाद आइसक्रीम खाना आपकी सेहत के लिए खतरनाक

94

कोटा। Health News: रोज रात को डिनर के बाद आइसक्रीम खाना आपकी सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। आयुर्वेद की मानें तो गर्म भोजन के बाद ठंडे पदार्थों का सेवन करने के लिए सख्त मना किया गया है, इसे विरुद्ध आहार कहा जाता है।

आयुर्वेद के डॉक्टर सुधींद्र श्रृंगी का कहना है कि डिनर के बाद आइसक्रीम खाने आपको अनिद्रा की बीमारी हो सकती है। आइसक्रीम में मौजूद चीनी की अधिकता नींद की गुणवत्ता को गंभीर रूप से प्रभावित करती है।

अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, जो आहार अधिक मात्रा में कैलोरी (विशेष रूप से ऐडेड शुगर) से भरपूर होते हैं उनसे नींद की गुणवत्ता प्रभावित होने का जोखिम अधिक होता है। रात को आइसक्रीम खाने के बाद अगर आप दांतों को ब्रश नहीं करते हैं तो इसमें मौजूद चीनी रातभर आपके मुंह में मौजूद रहती है जो दांतों में लगने वाली कैविटी का खतरा बढ़ा सकती है।

कफ बढ़ने की शिकायत: डिनर के बाद मीठा खाने की आदत से व्यक्ति को कफ बढ़ने की शिकायत होने लगती है। जिसकी वजह से सांस की तकलीफ, खांसी, भारीपन महसूस हो सकता है।

मोटापे का कारण : आइसक्रीम में मौजूद कैलोरी की अधिकता वजन बढ़ाने का एक कारण हो सकती है। इसके अलावा इसमें मौजूद ऐडेड शुगर की मात्रा मोटापे का जोखिम भी बढ़ा देती है। अगर आप पहले से ही मोटापे की समस्या से परेशान हैं तो डिनर के बाद आइसक्रीम खाने से बचें।

फैटी लिवर: फ्रुक्टोज की मदद से आइसक्रीम को मीठा किया जाता है। शोधकर्ताओं की मानें तो रोजाना फ्रुक्टोज से भरपूर चीजों का सेवन करने से नॉन अल्कोहलिक फैटी लिवर की समस्या पैदा होने का खतरा बढ़ सकता है। जिसका समय रहते इलाज न करवाने से लिवर सिरोसिस जैसी गंभीर समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है।